रैपर हनी सिंह और बादशाह का 20 साल पुराना गाना 'वॉल्यूम 1' एक बार फिर विवाद में है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से इस गाने को तुरंत हटाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि इस गाने में महिलाओं के लिए अत्यंत अपमानजनक और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। कोई भी सभ्य समाज है इस तरह के गाने को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रहने की अनुमति नहीं दे सकता है।

 

दिल्ली हाई कोर्ट में हिंदू शक्ति दल नाम की संस्था ने इस गाने के खिलाफ याचिका दायर की थी। याचिका में संस्था का कहना था कि यूट्यूब पर इस गाने को अलग-अलग अकाउंट से शेयर किया गया है जिस पर मिलियन में व्यूज हैं। इस गाने को बच्चे भी देखेंगे जिससे उन पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। संस्था ने अपनी याचिका में मांग की थी कि इस गाने को सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाया जाना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: हनी सिंह और बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, अब हटाना होगा 'वॉल्यूम 1' गाना

क्या हनी सिंह की वजह से हुआ विवाद?

याचिका में कहा गया है कि दोनों आर्टिस्ट ने पहले अपने इंटरव्यू में दावा किया था कि वह इस गाने को कभी नहीं गाएंगे लेकिन 14 मार्च के कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने इस गाने की 2 लाइनें गाई थीं। याचिकाकर्ता की वकील रूपाली पंवार ने कहा, 'यह गाना हनी सिंह और बादशाह ने गाया है हालांकि वे दावा करते रहे हैं कि उन्होंने नहीं गाया है। पिछले एक कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने इस गाने की 2 लाइनें गाई थीं जिसके खिलाफ आज हम यहां है।'

 

रूपाली ने आगे कहा, 'हम चाहते हैं कि दोनों सिंगर्स माफी मांगे क्योंकि दोनों की जबरदस्त फैन फॉलोइंग हैं। दोनों समाज के लिए सही उदाहरण सेट नहीं कर रहे हैं। कोर्ट ने हनी और बादशाह को नोटिस जारी किया है। इस मामले पर 7 मई को सुनवाई होगी।' 

 

यह भी पढ़ें: मां का ईसाई रीति से किया अंतिम संस्कार, अब क्यों ट्रोल हुए प्रकाश राज?

कब रिलीज हुआ था यह गाना?

2006 में हनी सिंह का एल्बम 'माफिया मुंडीर' रिलीज हुआ था। उसी दौरान यह गाना भी रिलीज किया गया था। 'माफिया मुंडीर' एक ग्रुप था जिसमें हनी  सिंह, बादशाह, रफ्तार, मनी औजला, लिलू गोलू जैसे कलाकार शामिल थे। बाद में ग्रुप टूट गया और सभी ने अपने सिंगल गाने रिलीज करने का फैसला लिया था।

 

हनी सिंह पहले भी अपने बयानों और गानों को लेकर विवाद में रह चुके हैं। हाल ही में उनका दिल्ली में कॉन्सर्ट हुआ था जहां उन्होंने दिल्ली की सर्दी और लड़कियों को लेकर अभद्र बयान दिया था जिसकी खूब आलोचना हुई थी। बाद में हनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके माफी मांगी थी।