मशहूर एक्टर प्रकाश राज इन दिनों अपने पुराने बयान और इस बात को लेकर सुर्खियों में हैं कि उनकी मां का अंतिम संस्कार ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। इस अंतिम संस्कार के चलते उन्हें सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, जिस पर अब उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए करारा जवाब दिया है।
प्रकाश राज की मां सुवर्णलता का हाल ही में 86 साल की उम्र में निधन हो गया। उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उनका निधन हुआ, जिसके बाद प्रकाश राज ने बेंगलुरु में ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब वह खुद को नास्तिक बताते हैं तो उन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार अपनी मां का अंतिम संस्कार क्यों किया। इस मुद्दे पर अब प्रकाश राज ने खुलकर अपनी बात रखी है।
यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर का भगवान राम अवतार देख फैंस हुए खुश, रामायण के टीजर ने मचाया धमाल
ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने द लल्लनटॉप को दिए गए प्रकाश राज के पुराने इंटरव्यू का वीडियो शेयर किया। इसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि वह भगवान में विश्वास नहीं करते। इसके साथ उनकी मां के अंतिम संस्कार का वीडियो जोड़कर सवाल उठाया गया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश राज ने साफ शब्दों में कहा, 'मैं भगवान में विश्वास नहीं करता लेकिन मेरी मां करती थीं। मैं कौन होता हूं उन्हें उनके विश्वास के अनुसार विदाई देने से रोकने वाला? यही बुनियादी सम्मान है, जो हम एक-दूसरे को देते हैं।' उन्होंने ट्रोल्स पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि क्या नफरत फैलाने वाले लोग इस बात को समझ पाएंगे।
यह भी पढ़ें: एनिमेटेड फिल्में बनाने वालों के करोड़ों डूबे, 'चिरंजीवी हनुमान' का क्या होगा?
पूराने इंटरव्यू में प्रकाश राज का बयान
प्रकाश राज ने अपने इंटरव्यू में भी इस मुद्दे पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि भले ही वह खुद किसी धर्म में विश्वास नहीं करते लेकिन दूसरों की आस्था का सम्मान करना जरूरी मानते हैं। उनकी मां ईसाई धर्म का पालन करती थीं, जबकि उनकी पत्नी पोनी वर्मा हिंदू परंपराओं को मानती हैं। अभिनेता ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ हवन में शामिल होते हैं और मां के कहने पर चर्च भी जाते थे। उनके मुताबिक, जब तक किसी की आस्था से किसी को नुकसान नहीं पहुंचता, तब तक उसका सम्मान किया जाना चाहिए।