इजरायल और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के बीच सबकुछ सही नहीं चल रहा है। पिछले कई वर्षों से दोनों के बीच चल रहा तनाव चरम पर पहुंच चुका है। मौजूदा समय में इजरायल और एंटोनियो के बीच संपर्क पूरी तरह से टूट चुका है। हालांकि संबंध बिगड़ने की शुरूआत 7 अक्टूबर को इजरायल और हमास के बीच जारी जंग से हो गई थी। हमास ने जब इजरायल पर हमला किया तो उस वक्त एंटोनियो गुटेरेस ने हमास की निंदा की थी। मगर बाद में इजरायल के साथ उनके रिश्तों में खटास आ गई। आइये समझते हैं कि मौजूदा विवाद क्या है और इसकी ऐतिहासिक पृष्ठिभूमि क्या है?
 
हाल ही में संयुक्त राष्ट्र ने संघर्ष-संबंधी यौन हिंसा रिपोर्ट में इजरायल को शामिल किया। इसमें इजरायली सैनिकों पर बंधकों और कमजोर समूहों से दुष्कर्म करने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। अपनी रिपोर्ट में यूएन ने गाजा में इजरायल के यौन हिंसा का विस्तृत उल्लेख किया। यह भी दावा किया कि पिछले साल मार्च से गाजा और वेस्ट बैंक में व्यवस्थित तरीके से फिलिस्तीनियों का यौन उत्पीड़न किया गया। उनके जननांगों को चोट पहुंचाई गई। उनको जलाने की कोशिश की गई। यूएन ने इजरायली संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: संकट में अमेरिका का करीबी, क्या टूट जाएगा बोलिविया; भारी विरोध प्रदर्शन क्यों?

 

यून की इस रिपोर्ट और ब्लैकलिस्ट ने इजरायल बेहद खफा कर दिया। उसने तुरंत महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से संपर्क तोड़ने का ऐलान कर दिया। संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने ऐलान किया इजरायल अब उनके साथ काम नहीं करेगा। एक्स पर लिखा, 'एंटोनियो गुटेरेस! हमारा तुमसे कोई लेना-देना नहीं।' इजरायली विदेश मंत्रालय ने भी रिपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी और इसे शर्मनाक व बेतुका कह डाला।

 

विदेश मंत्रालय ने व्यवस्थित तरीके से इजरायल को टारगेट करने का आरोप यूएन पर लगाया और कहा कि नए महासचिव की नियुक्ति तक प्रतीक्षा की जाएगी। बता दें कि एंटोनियो गुटेरेस का कार्यकाल इसी साल 31 दिसंबर को खत्म हो जाएगा। बता दें कि गुटेरेस ने अपनी रिपोर्ट में यौन हिंसा के 31 वेरिफाई मामलों का उल्लेख किया। इनमें अधिकांश को हिरासत में रखा गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि यौन हिंसा न केवल जेल में बल्कि सैन्य शिविरों में भी की गई। इसमें इजरायल जेल सेवा, एंटी टेररिस्ट यूनिट, केटर विशेष बल और इजरायली सेना शामिल है। 

 

रिपोर्ट में क्या-क्या शामिल?

  • फिलिस्तीनियों से दुष्कर्म
  • गुप्तांगों पर चोट मारना
  • स्तनों और जननांगों को छूना
  • प्राइवेट पार्ट को निशाना बनाकर गोली मारना
  • जबरन नग्न करना
  • दुष्कर्म करने की धमकी
  • तलाशी के नाम पर निजी अंगों को छूना
  • सामूहिक दुष्कर्म
  • गुप्तांगों पर वस्तुओं को डालना

इजरायल को मिला अमेरिका का साथ

इजरायल को इस बात पर आपत्ति है कि उसे अन्य आतंकियों के साथ एक ही सूची पर जगह दी गई। इस मामले में उसे अमेरिका भी साथ मिला। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज़ ने यूएन की रिपोर्ट को मजाक बताया और कहा कि इजरायल एक लोकतंत्र है। वहां कानून का मजबूत शासन है। इजरायल जांच करता है और अपराधियों को जिम्मेदार  ठहराता है।

 

यह भी पढ़ें: 'इजरायल के प्रति भारत में जबरदस्त प्रेम', नेतन्याहू ने जमकर की तारीफ

कैसे बिगड़े गुटरेस और इजरायल के रिश्ते?

25 अक्टूबर 2023: एंटोनियो गुटेरेस ने बयान दिया कि फिलिस्तीनी दशकों से कब्जे के खिलाफ लड़ रहे हैं। इजरायल पर हमास का हमला शून्य में नहीं हुआ। मतलब बिना किसी कारण नहीं हुआ। उनके इस बयान से इजरायल इतना भड़क गया कि उसने इस्तीफे तक की मांग कर दी। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों के वीजा पर रोक लगाने का ऐलान कर दिया। यह भी कहा कि गुटेरेस का बयान हमास की खातिर सफाई जैसा है। 

 

मार्च 2024: गुटेरेस ने दो राष्ट्र समाधान की वकालत की। इजरायल ने इसे खारिज किया तो उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया। बदले में इजरायल ने उन पर हमास के हमले के खिलाफ नरम रुख अपनाने और पक्षपातपूर्ण रुख अपनाने का आरोप लगाया।

 

1 अक्टूबर 2024: इजरायल पर ईरान ने बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला किया। गुटेरेस ने हमले की निंदा की। इजरायल ने उनकी प्रतिक्रिया पर नाराजगी जताई और कहा कि गुटेरेस ने खुलकर ईरान की निंदा नहीं की। बाद में इजरायली विदेश मंत्री इजरायल काट्ज ने एंटोनियो गुटेरेस को अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया और इजरायल में घुसने पर बैन लगा दिया।