अमेरिका के यूटा राज्य के वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में एक भारतीय युवक पर सिर्फ मुस्लिम होने के कारण 15 बार चाकू से हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने वाले की पहचान 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन और पीड़ित की पहचान भारत के रहने वाले सोहेल के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने धर्म के आधार पर ही सोहेल पर हमला किया है। वह मुसलमानों को मारना चाहता था। आरोपी को साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है। 

 

एबीसी साल्ट लेक से बातचीत में पड़ोस की ही एक ज्वैलरी स्टोर में काम करने वाली महिला लूना नुनेज ने बताया कि आरोपी माइकल लार्सन ने सोहेल से सबसे पहले पूछा कि वह कहां से आया? जवाब में कर्मचारी ने बताया कि वह भारत से आया है। उसका नाम सोहेल है। आरोपी ने आगे पूछा कि क्या वह मुसलमान है? सोहेल ने हां में जवाब दिया। 

 

यह भी पढ़ें: POJK में मार्च शुरू, 12 की मौत; पाकिस्तान ने उतारे हजारों सैनिक

पानी मांगने के बहाने चाकू से किया हमला

यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुऐब दीन के मुताबिक माइकल ने सोहेल से पानी की बोतल मांगी। जैसे वह बोतल उठाने को मुड़ा तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सोहेल पर 15 बार चाकू से हमला किया गया। उसकी हालत गंभीर है। कई सर्जरी हो चुकी है।

'बेहद मेहनती था सोहेल'

सोहेल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने हमले की निंदा की और कहा कि नफरत की कोई जगह नहीं है। यह सरासर पागलपन है। उन्होंने बताया कि सोहेल हमेशा मुस्कुराता रहता था। वह बेहद मेहनती था। मैंने उसे मैनेजर के पद पर प्रमोशन दिया था ताकि वह सब कुछ संभाल सके। उन्होंने आगे कहा कि जब आप किसी इंसान को मारते हैं तो आप सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं आप उसके पूरे परिवार को मारते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: भारत के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर साइबर अटैक! 19 हजार फाइलें लीक का दावा

'परिवार का इकलौता कमाने वाला'

सोहेल के दोस्तों का कहना है कि वह अपने परिवार का अकेला कमाने वाला है। उसके पास स्वास्थ्य बीमा भी नहीं है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। मॉल के अन्य कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी माइकल वारदात को अंजाम देने से पहले लोगों से उनके धर्म के बारे में पूछ रहा था। उधर, लूना नुनेज ने बताया कि आरोपी माइकल बेरहमी से चाकू से हमला करने में जुटा था। मुझे उसकी (सोहेल) जान जाने का डर था। मेरे हाथ में जो आया... मैं उसे फेंक रही थी।