पश्चिमी एशिया के देशों में इस समय भयंकर तबाही मची है। ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद कई देशों में हवाई हमले हो रहे हैं। ईरान अब अरब देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। इसी के चलते सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और बहरीन जैसे देश भी हमलों की चपेट में आ रहे हैं। अब कुवैत ने बताया है कि अमेरिकी सेना के कई एयरक्राफ्ट उसकी सीमा में गिरे हैं। कुवैत ने यह तो नहीं बताया है कि ये विमान कौन से हैं और इनकी कुल संख्या कितनी है लेकिन यह बयान ही अमेरिका की टेंशन बढ़ाने वाला है।

 

कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि जो एयरक्राफ्ट क्रैश हुए हैं उनके क्रू मेंबर्स पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया है कि इन एयरक्राफ्ट के क्रैश होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। एयरक्राफ्ट के क्रू को तुरंत बचाया गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया गया है कि अब सबकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

 

अब अमेरिका ने इस पर कहा है कि कुवैत ने ही गलती से अमेरिका के तीन F-15E विमानों को मार गिराया है।

 

यह भी पढ़ें: क्रांति के बाद दुनिया उदार हुई, ईरान कट्टर क्यों हुआ? कहानी इस्लामिक क्रांति की

क्या-क्या हुआ?

प्रवक्ता ने बताया है कि उसने अपने दोस्त अमेरिका से संपर्क बनाए रखा है और अमेरिका की सेना के साथ मिलकर वह काम कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया है कि संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घटना कैसे हुई?

 

ईरान की ओर से एक वीडियो शेयर करके दावा किया गया है कि एक F-15 फाइटर जेट मार गिराया गया है। दावे के मुताबिक, यह जेट कुवैत में गिराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जेट में सवार वीपन्स सिस्टम ऑफिसर (WSO) और पायलट बच गए हैं। इन दोनों को स्थानीय लोगों ने बचाया और स्थानीय प्रशासन के हवाले कर दिया।

बता दें कि ईरान को निशाना बनाकर किए जा रहे अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में अब तक कम से कम 555 लोग मारे गए हैं। ईरानियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने सोमवार को यह जानकारी दी। संस्था ने कहा कि अब तक 131 शहर हमले की चपेट में आ चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: अरामको की रिफाइनरी पर ड्रोन अटैक, अब दुनिया को तेल के लिए तरसाएगा ईरान?

 

उधर, ईरान लगातार ऐसी जगहों पर हमले कर रहा है जहां अमेरिका के ठिकाने हैं। इसी क्रम में सऊदी अरब में स्थित अरामको रिफाइनरी पर भी ईरान ने ड्रोन से हमला किया है जिसमें रिफाइनरी को काफी नुकसान पहुंचा है।