खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। साजिश के आरोपी और भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को कोर्ट ने  235 महीने यानी करीब 19 साल 7 महीने की जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार कर लिया था।   


इस मामले में न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत के जज विक्टर मैरेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है।न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत के जज विक्टर मैरेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई। सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने पन्नू से मांफी भी मांगी। 

 

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने SCO के सभ्यतागत फोरम का उद्घाटन किया, जानिए भारत के लिए क्यों है खास?

कोर्ट में निखिल गुप्ता ने मांगी माफी

निखिल गुप्ता ने कोर्ट में पन्नू से माफी मांगी, निखिल गुप्ता ने पन्नू की तरफ देखकर कहा कि मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे अफसोस है। 

 

करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखते हुए निखिल गुप्ता ने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।  वह भावुक हो गए और कहा कि उनके इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि उन्होंने कुछ नहीं किया था।    

क्या है पूरा मामला? 

अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश की थी। इस साजिश में विकास यादव नाम का भी एक शख्स शामिल था। आरोप था कि विकास यादव के कहने पर निखिल गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। 

 

लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। निखिल गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। विकास यादव ने निखिल गुप्ता के जरिए उस व्यक्ति को हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात की थी। इसके बाद 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे।  


इस मामले में पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा दायर कर दिया था। पन्नू ने अपनी हत्या की साजिश में इन लोगों के शामिल होने की भी बात कही थी। 

 

हालांकि, भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करता है और पन्नू के मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया।