अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग, थमती नजर नहीं आ रही है। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है, जिसकी वजह से दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई बाधित हो गई है। इससे भारत के पड़ोसी देशों को भी जूझना पड़ रहा है। श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों में तेल और गैस की किल्लत शुरू हो गई है।

भारत के पड़ोसी देशों में ऊर्जा बचाने के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं। भारत इन देशों की मदद कर रहा है लेकिन देश की ऊर्जा जरूरतें इतनी ज्यादा हैं कि बहुत दिनों तक, इन देशों की मदद नहीं जा सकती है। 

यह भी पढ़ें: ईरान या अमेरिका, कौन जीत रहा जंग? अब तक के नफा-नुकसान से समझिए

पड़ोसी देश देश मांग रहे डीजल-पेट्रोल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कुछ पड़ोसी देशों ने ऊर्जा निर्यात बढ़ाने की अपील की है। पड़ोसी देश डीजल मांग रहे हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को देखकर फैसले लेगा। 

नेपाल में क्या हो रहा है?

नेपाल में भी अब सप्ताह में 2 दिनों की छुट्टियां दी जा रहीं हैं। अब शनिवार और रविवार दोनों दिन छुट्टी रहेगी। सरकारी दफ्तर सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। सरकारी दफ्तर और स्कूल-कॉलेज दो दिन बंद रहेंगे। पेट्रोल और डीजल वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने के उपायों पर विचार किया जा रहा है। पैनिक बाइंग की वजह से गैस सिलेंडर आधे भरे बेचे जा रहे हैं। भारत में अभी ऊर्जा संकट नहीं है लेकिन अगर होर्मुज स्ट्रेट ज्यादा दिन तक बंद रहा तो यहां भी ऐसी स्थितियां बन सकती हैं। 

नेपाल में आधा सिलेंडर भरकर बेच रहे हैं डीलर। Photo Credit: PTI

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने बताया कि ईरान में गिराए गए F-15E जेट के क्रू मेंबर की हालत कैसी है?

श्रीलंका का हाल क्या है?

श्रीलंका में 2022 जैसा आर्थिक संकट पैदा हो सकता है। भारत ने श्रीलंका को करीब 38,000 टन ईंधन की मदद दी है। राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने बिजली महंगी कर दी है। बिजली दरें, अब वहां 40 फीसदी तक बढ़ गईं है। सड़क की लाइटें, साइन और बिलबोर्ड बंद कर दिए गए हैं। सरकारी संस्थानों में एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कम करने को कहा गया है। वर्क फ्रॉम होम शुरू किया गया और चार दिन का कामकाजी हफ्ता लागू किया गया है।

पाकिस्तान का हाल क्या है?

पेट्रोल की कीमत 43 प्रतिशत बढ़कर 458.4 रुपये प्रति लीटर हो गई। बाद में विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने 80 रुपये प्रति लीटर की छूट दी। पाकिस्तान अपना 80 प्रतिशत कच्चा तेल संयुक्त अरब अमीरात और ओमान से खरीदता है। इन देशों में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं।

पाकिस्तान में तेल के लिए लंबी कतारें लगी हैं। Photo Credit: PTI

यह भी पढ़ें: खूब था LNG का भंडार, मगर सरकार की एक गलती ने पाकिस्तान में खड़ा किया गैस संकट

पाकिस्तान कैसे ऊर्जा संकट से निपट रहा है?

पाकिस्तान सरकार ने सरकारी दफ्तरों में सिर्फ 4 दिन काम की इजाजत दी है। स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गईं हैं। ऑनलाइन क्लास शुरू की गई है। अगले 30 दिनों तक मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की घोषणा की गई है।

बांग्लादेश भी तेल संकट के मुहाने पर खड़ा है। Photo Credit: PTI

बांग्लादेश का हाल क्या है?

बांग्लादेश 95 प्रतिशत तेल और गैस पश्चिम एशिया से आयात करता है। यहां ऊर्जा बचाने के लिए दफ्तर और दुकानों के समय कम कर दिए गए हैं। सरकारी और निजी दफ्तर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुलेंगे। बैंक 9 से 3 बजे तक और शॉपिंग सेंटर शाम 6 बजे तक बंद होंगे। शादियों में सजावटी लाइटिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सरकार ने वाहन और कंप्यूटर खरीदने पर रोक लगाई है। ईंधन की खरीद सीमित कर दी गई है और उर्वरक फैक्टरियों का उत्पादन रोक दिया गया है।