पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक स्कूल की बिल्डिंग की छत ढह जाने से 29 बच्चों समेत कुल 29 लोगों की मौत हो गई है। अभी मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है। मलबे में कई लोग दबे हैं और उन्हें निकालने की कोशिशें जारी हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक क्लास चल रही थी और बच्चों के अलावा एक टीचर भी उसी क्लासरूम में थीं।
यह हादसा खैबर पख्तूनख्वां की राजधानी पेशावर के दीर कॉलोनी में हुआ है। पेशावर कैपिटल सिटी पुलिस के चीफ मियां सईद ने बताया है कि यह हादसा शहर के अंदरूनी इलाके में स्थित एक प्राइवेट स्कूल अल-खैर में हुआ है। हादसे के बाद स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पेशावर के डिप्टी कमिश्नर अफाक वजीर ने इमारत ढहने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। बचाव दल मलबा हटाने और उसके नीचे फंसे बच्चों तथा स्कूल कर्मचारियों की तलाश में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: 'BRICS में ना जाना बांग्लादेश के हित में नहीं', PM तारिक को सुना गईं शेख हसीना
13 साल से कम थी सभी बच्चों की उम्र
लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम के अनुसार, हादसे में 28 विद्यार्थियों की मौत हुई, जिनमें छह लड़कियां शामिल हैं। एक टीचर की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। आसिम ने कहा कि हादसे में मारे गए सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी।
यह भी पढ़ें: OpenAI के ऑफिस में लगे थे रिकॉर्डिंग डिवाइस, एक की गिरफ्तारी के बाद मची खलबली
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने भी स्कूल की छत गिरने की घटना पर दुख व्यक्त किया।
