नेपाल में बुधवार को अचानक से तिब्बत बोर्डर से सटे इलाके में बाढ़ आई है। बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि तिब्बत सीमा के पास रसुवा जिले के कई हिस्सों में अफरा-तफरी मच गई। अभी नुकसान और मौतों की सही संख्या पता नहीं चल पाई है, लेकिन भारी नुकसान की आशंका है। बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोग लापता हैं। इस बाढ़ के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और यह वीडियो इतने खौफनाक हैं कि किसी का भी मन विचलित हो जाए। 

 

नेपाल में आई इस बाढ़ के पीछे तिब्बत से आए पानी को मुख्य वजह बताया जा रहा है। नेपाल की सेना ने एक बयान में बताया कि पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और समीपवर्ती स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ तथा वाहन, सामान और अन्य संपत्ति बह गई। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा कि राहत और बचाव दल, पुलिस और सेना को मदद के लिए भेजा गया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। 

 

यह भी पढ़ें: महिलाओं को 40 हजार, लैपटॉप,स्कूल..., चुनाव से पहले क्या एलान कर गए अखिलेश यादव?

6 सेकंड में सब तबाह

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें बाढ़ से हुई तबाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि सिर्फ 6 सेकंड में ही एक पूरी मार्केट बाढ़ की चपेट में आ गई और सब कुछ मलबे में तबदील हो गया। संभवत यह वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है और वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों में अफरा-तफरी मची हुई है। अचानक से बाढ़ का पानी पहाड़ से आता है और एक झटके में सब खत्म हो जाता है। यह वीडियो चीन और तिब्बत की ओर स्थित रसुवा गड़ी पोर्ट का बताया जा रहा है।

 

पहाड़ से आया पानी

सोशल मीडिया पर एक दूसरा वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को ऊंचाई से दूसरे पहाड़ से किसी युवक ने बनाया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सामने पहाड़ी से आ रही नदी में अचानक से सैलाब आता है और नदी पर लगे पुल समेत सब कुछ नदी में समा जाता है। नदी के किनारे पर बनी इमारतों का एक बड़ा हिस्सा भी इसकी चपेट में आ जाता है। 

 

यह भी पढ़ें: नेपाल में बादल फटा, भीषण तबाही, कई गांव बहे, बिहार-यूपी में अलर्ट

पानी में बह गया सब कुछ 

एक दूसरी वीडियो में देखा जा सकता है कि सैलाब में नदी पर बना एक पुल कुछ ही सेकंड में ताश के पत्तों की तरह बिखर जाता है। नदी के पानी के बहाव के साथ पुल कुछ ही देर में नदी में समा जाता है और बह जाता है। आसपास की इमारतें भी पानी के बहाव में आ जाती हैं। इसके साथ ही पानी में पहले ही कई घरों का मलबा, लकड़ी और दूसरी चीजें दिखाई दे रही थी।

 

 अगर आपके अपने फंसे हैं तो यहां संपर्क करें

काठमांडू में भारतीय दूतावास ने नेपाल में आज अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। आप +977 985 131 6807  और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।