अमेरिका और ईरान के बीच जंग दोबारा शुरू हो गई है। अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह पर हमला किया। अपनी जवाबी कार्रवाई में आईआरजीसी ने कुवैत स्थित अमेरिकी अड्डे पर हमला किया। कुवैत के ऊपर ड्रोन और मिसाइल देखे जाने के बाद सायरन बजने लगे। ताजा हमलों के बाद युद्धविराम खतरे में पड़ गया है। उधर, ईरानी मीडिया का कहना है कि बंदर अब्बास में अमेरिकी हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान पर भी हमले की निंदा की। ट्रंप ने कहा कि अगर उसने (ओमान) स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण के बारे में बाकी सभी की तरह व्यवहार नहीं किया तो वह उसे उड़ा देंगे। ट्रंप के बयान पर ईरान ने भी प्रतिक्रिया दी और ओमान के साथ अपनी एकजुटता जाहिर की।

 

यह भी पढ़ें: बकरीद पर बाल-बाल बचा 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम वाला भैंसा, बांग्लादेश सरकार ने बचाया

ओमान के साथ ईरान एकजुटता से खड़ा: ईरानी विदेश मंत्रालय

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करेगा। बगाई ने ईरान और कई क्षेत्रीय देशों के खिलाफ अमेरिका की धमकी भरी बयानबाजी की निंदा की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों की धमकियों के बाद ईरान ओमान के साथ एकजुटता से खड़ा है।

इजरायल ने लेबनान में तेज की बमबारी

दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान में अपने हमले तेज कर दिए हैं। अभी तक दर्जनों लोगों के मारे जाने या घायल होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के नबातीह और टायर को निशाना बनाया। नबातीह स्थित हारूफ और जेबचित नगरपालिकाओं और टायर के अल-मंसूरी नगरपालिका पर हमला किया। लेबनान सेना ने एक सैनिक के मारे जाने की जानकारी सार्वजनिक की है। वहीं एक अपार्टमेंट में तीन लोगों के शव मिले हैं। इजरायली हमलों में इनकी जान गई है। पांच अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

यह भी पढ़ें: अब्राहम अकॉर्ड्स में आ सकता है ईरान! ट्रंप ने पाकिस्तान-तुर्की से की अपील

इन इलाकों को खाली करने का आदेश

इजरायल ने लेबनान के जाक्कोक अल-मुफदी और टायर शहर के कुछ इलाकों को खाली करने का आदेश जारी किया है। अपने आदेश में इजरायल ने यहां के लोगों को जहरानी नदी के उत्तर में इजरायल की सीमा से 40 किमी दूर जाने को कहा है। उधर, हिजबुल्लाह ने इजरायल के खिलाफ दर्जनों ऑपरेशन चलाने का दावा किया है।