अमेरिका अब ईरान में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने लगा है। लगातार छठी रात अमेरिकी सेना ने ईरान में भीषण बमबारी की। सबसे अधिक तबाही बंदर अब्बास और चाबहार में देखने को मिली। एक हफ्ते में तीसरी बार अमेरिका ने चाबहार में हमला किया और यहां स्थित समुद्री नियंत्रण टावर को तबाह कर दिया। 

 

अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने चाबहार के नियंत्रण टावर की फोटो साझा की। इसमें यह टावर मलबे की ढेर में तब्दील दिख रहा है। भारत ने चाबहार बंदरगाह पर भारी निवेश किया है। ईरान की मदद से इसे विकसित किया जा रहा था। मगर हालिया संघर्ष में अमेरिकी सेना ने बार-बार चाबहार पोर्ट को निशाना बनाया। ईरान का कहना है कि यह समुद्री नियंत्रण टावर वाणिज्यिक यातायात की निगरानी करता था। 

 

यह भी पढ़ें: हूती और सऊदी अरब के बीच नई झड़प की वजह क्या, पाकिस्तान कैसे फंस गया?

पांच पुलों को किया तबाह

चाबहार के अलावा अमेरिकी सेना ने होर्मोजगान प्रांत में पांच पुलों को भी तबाह कर दिया है। बंदर अब्बास-खामिर-लार मार्ग पर गेरिवेह पुल के अलावा बंदर अब्बास से खामिर और लार जाने वाले रास्ते पर स्थित एक पुल, कहौरिस्तान-लार मार्ग पर दो अन्य पुल और बंदर खामिर-केशर-बंदर अब्बास मार्ग पर एक अधूरे पुल को निशाना बनाया गया है। उधर, बंदर खामिर पुल पर हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। 

 

 

आठ की गई जान, 20 लोग घायल

ईरानी मीडिया के मुताबिक अमेरिकी बमबारी में आठ लोगों की जान गई और 20 लोग घायल हैं। सभी मौतें होर्मोजगान प्रांत में दर्ज की गईं। बुशहर में एक और बंदर अब्बास में दो लोगों के घायल होने की खबर है।

 

अगर हमलों की बात करें तो खुजेस्तान, सिस्तान और बलूचिस्तान व लोरेस्तान प्रांतों में धमाकों की आवाज सुनी गई। उधर, ईरानशहर एयरपोर्ट के पास भी धमाकों की कई आवाजें सुनी गईं। लोगों ने धुएं का गुबार भी देखा। 

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने चाबहार का वॉचटावर उड़ाया, नए हमले शुरू; 30 की मौत और 260 घायल

बंदर अब्बास में अमेरिका ने मचाई भारी तबाही

ताजा बमबारी में अमेरिका ने बंदर अब्बास में एक रेल जंक्शन और बिजली लाइनों पर हमला किया। अब ईरान ने बंदर अब्बास रेलवे स्टेशन को बंद कर दिया है। कई ट्रेनों के रास्तों में बदलाव किया गया है। लोगों को बसों के माध्यम से स्टेशन से निकाला जा रहा है। ईरानी मीडिया के मुताबिक यह जंक्शन बंदर अब्बास शहर से करीब 10 किमी दूर स्थित है। यह रेलवे लाइन शाहिद राजाई बंदरगाह और बंदर अब्बास को जोड़ता है।

 

अमेरिका ने बंदर अब्बास में ही बिजली लाइनों पर हमला किया है। इसका असर यह हुआ कि दक्षिणी ईरान में ऊर्जा का संकट खड़ा हो गया है। ईरान की सरकार ने लोगों से बिजली बचाने और पीक टाइम में एक घंटे तक एसी बंद करने का राष्ट्रीय आह्वान किया है।