अमेरिका और ईरान के बीच 11वें दिन भी जंग जारी रही। दक्षिणी ईरान में तीन धमाकों की आवाज सुनी गई। उधर, ईरान ने तेहरान के ऊपर एक अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बहुत जल्द ईरान के पिकैक्स माउंटेन को निशाना बनाने की धमकी दी। ईरान ने अपनी जवाबी चेतावनी में कहा कि अगर हमला किया गया तो युद्ध और बढ़ जाएगा।
ईरान की सेना का कहना है कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन पर हमला किया। जॉर्डन में स्थित मुवाफक साल्टी एयर बेस और बहरीन में ईसा एयर बेस पर ड्रोन दागे। मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरानी सेना ने जॉर्डन के बेस में अमेरिकी सेना की आवास और कल्याणकारी इमारतों और उपकरण गोदामों को निशाना बनाया। ड्रोन से ही बहरीन के शेख ईसा एयर बेस पर भी गोदामों और भारी विमानों के रखरखाव व मरम्मत वाले शेड पर हमला किया।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी हमलों का ईरान ने लिया बदला, 3 देशों में US ठिकानों पर हमला
ईरान ने दागी छह मिसाइलें: जॉर्डन सेना
जॉर्डन की सेना ने भी मिसाइल हमलों की पुष्टि की। सेना ने बताया कि चार मिसाइलों को रोक दिया गया। वहीं दो मिसाइलें निर्जन स्थानों पर गिरी हैं। इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही किसी तरह का अन्य नुकसान हुआ है। जॉर्डन के बंदरगाह शहर अकाबा में भी सायरन बजे। इजरायल के इलात शहर से लोगों ने कुछ वीडियो बनाए हैं। इसमें अकाबा के ऊपर धुएं का गुबार उठता दिखा है। आईआरजीसी ने यह भी दावा किया उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन और किंग फैसल बेस पर भी हमला किया।
जॉर्डन पर इतने हमले क्यों?
अब सवाल उठता है कि जॉर्डन को ईरान इतना निशाना क्यों बना रहा है? इसकी सबसे अहम वजह यह है कि जॉर्डन ने अपने यहां अमेरिकी सैनिकों और विमानों को तैनात करने की अनुमति दी है। मध्य पूर्व के कई देशों से अमेरिका ने अपने सैनिकों को जॉर्डन भेजा है। जॉर्डन ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान का अहम केंद्र बनकर उभरा है। उधर, आईआरजीसी ने ताजा धमकी में कहा कि हमलावर को सजा देने के लिए उसके ऑपरेशन जारी रखेंगे। ईरानी सेना ने भी एक बयान में कुवैत में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान के परमाणु प्लांट पर किया अटैक, जंग और तेज होने का खतरा बढ़ा
अमेरिका ने किन-किन शहरों को बनाया निशाना?
अमेरिकी सेना ने मंगलवार की रात 11वें दिन ईरान पर भीषण बमबारी की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तबरीज मिलिट्री बेस पर अटैक किया गया। इसके अलावा खुजेस्तान प्रांत के ओमिदियेह, माहशहर और बेहबहान में धमाकों की आवाज से हड़कंप मच गया। अमेरिका ने सिरिक, चाबहार और कोनारक शहर पर भी हमला किया। बुशहर, कंगवार, कबूदाराहंग में भी धमाकाओं की आवाज सुनी गई। उधर, अमेरिकी सेना ने ईरानी कुर्दिस्तान प्रांत के बानेह शहर में पहली बार हमला किया।
