अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैनिकों के लिए एक बड़ा एलान किया है। उन्होंने सभी सैनिकों को 1,776 डॉलर की पेमेंट करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस से पहले सभी सैनिकों को 1,776 डॉलर मिल जाएंगे। उन्होंने इसे 'वॉरियर डिविडेंड' कहा है।
ट्रंप ने कहा कि टैरिफ से खूब कमाया है और अब यह पैसा सैनिकों में बंटेगा। ट्रंप ने कहा, 'हमने टैरिफ इतना कमाया है, जितना कोई सोच भी नहीं सकता। हमारी मिलिट्री से ज्यादा इसका हकदार कोई नहीं है। मैं सभी को बधाई देता हूं।'
अमेरिकियों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने एलान किया कि क्रिसमस से पहले सभी सैनिकों को चेक मिल जाएगा। उन्होंने कहा, 'चेक भेजे जा चुके हैं।'
यह भी पढ़ें-- US-UK ही नहीं, PAK भी जा रहे भारतीय; क्यों नागरिकता छोड़ रहे हैं लाखों लोग?
क्या है वॉरियर डिविडेंड?
ट्रंप ने क्रिसमस से पहले सैनिकों को तोहफा देते हुए 1,776 डॉलर (लगभग 1.60 लाख रुपये) देने का एलान किया है। इसे ही ट्रंप ने 'वॉरियर डिविडेंड' नाम दिया है।
1,776 डॉलर ही क्यों?
ट्रंप ने कहा, '14.50 लाख सैनिकों को क्रिसमस से पहले एक खास डिविडेंड मिलेगा। 1776 में हमारे देश की स्थापना हुई थी, इसलिए हम हर सैनिक को 1,776 डॉलर भेज रहे हैं।' 4 जुलाई 1776 को ही अमेरिका को ब्रिटेन से आजादी मिली थी।
यह भी पढ़ें-- ऐसा क्या हुआ कि बांग्लादेश में भारतीय दूतावास को निशाना बनाने लगे कट्टरपंथी?
कितने लोगों को मिलेगा यह डिविडेंड?
यह 'वॉरियर डिविडेंड' अमेरिकी सेना के 14.5 लाख सैनिकों को मिलेगा। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 12.8 लाख ऐक्टिव सैनिक हैं। जबकि 1.74 लाख सैनिक रिजर्व में हैं।
1,776 डॉलर की यह रकम एकमुश्त ही मिलेगी। व्हाइट हाउस ने बताया कि उन सभी अमेरिकी सैनिकों को मिलेगा, जिन्हें 30 नवंबर 2025 तक सेना ज्वॉइन किए कम से कम 31 दिन पूरे हो चुके होंगे। CNN ने बताया कि इस डिविडेंड के लिए 2.6 अरब डॉलर के बजट को मंजूरी मिल चुकी है।
कब तक मिलेगी यह रकम?
क्रिसमस यानी 25 दिसंबर से पहले यह डिविडेंड मिल जाएगा। ट्रंप ने बताया कि बहुत सारे चेक भेजे भी जा चुके हैं।
