व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट 27 साल की उम्र में दूसरी बार प्रेगनेंट हैं। उन्होंने बताया कि अगले साल मई में दूसरी बार मां बनने की उम्मीद है। उन्होंने क्रिसमस ट्री के सामने अपने बेबी बंप की फोटो इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। कैरोलिन लीविट ने कहा कि मैं और मेरे पति परिवार बढ़ाने पर बेहद उत्साहित हैं। अपने बेटे को बड़ा भाई बनते देखने का बेसब्री से इंतजार हैं। दूसरी बार मां बनने की खुशी के बीच कैरोलिन ने घर जैसा माहौल देने के लिए डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स का आभार जताया।
कैरोलिन लीविट ने रियल एस्टेट बिजनेसमैन निकोलस रिकियो से शादी की है। हालांकि दोनों के उम्र में करीब 32 साल का अंतर है। कैरोलिन जहां 27 की हैं तो वहीं निकोलस की उम्र 59 साल है। अमेरिका में दोनों की उम्र पर चर्चा आम है। कैरोलिन ने पिछले साल 10 जुलाई 2024 को अपने पहले बेटे को जन्म दिया था।
यह भी पढ़ें: जेलेंस्की ने तैयार किया पीस प्लान, ट्रंप बोले- 'मेरी मंजूरी के बिना वह कुछ नहीं'
कैरोलिन लीविट: इतिहास बनाने वाली प्रेस सचिव
20 जनवरी 2025 को डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इसके आठ दिन बाद 28 जनवरी को कैरोलिन लीविट ने पहली बार व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग की और यह एक ऐतिहासिक कदम था, क्योंकि कैरोलिन लीविट व्हाइट हाउस के इतिहास की सबसे कम उम्र की प्रेस सचिव हैं। सोशल मीडिया पर कैरोलिन लीविट की खूबसूरती और उम्र हमेशा ही चर्चा में रही है। कुछ लोग बेहद कम उम्र में उनको मिली सफलता पर भी सवाल खड़े करते हैं।

कैसे हुई निकोलस से मुलाकात?
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक कैरोलिन लीविट और निकोलस की मुलाकात कॉमन फ्रेंड ने एक राजनीतिक कार्यक्रम में करवाई थी। 2023 में क्रिसमस के दिन ही कैरोलिन लीविट ने अपनी सगाई का ऐलान किया था। हालांकि उनके पति सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय नहीं रहते हैं। दोनों की शादी गुपचुप तरीके से हुई थी। कैरोलिन कहती हैं कि मेरे पति जिंदगी में मिले अब तक के सबसे बेहतरीन इंसान हैं।
यह भी पढ़ें: 101 की मौत के बाद सीजफायर पर कैसे राजी हुए थाईलैंड और कंबोडिया?
अपने परिवार की पहली डिग्रीधारी महिला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैरोलिन लीविट चॉकलेट बेचते-बेचते पली-बढ़ी। उन्होंने न्यू हैम्पशायर के मैनचेस्टर में स्थित सेंट एंसलम कॉलेज से कम्युनिकेशन की पढ़ाई की। साल 2019 में पॉलिटिक्स और कम्युनिकेशन में डिग्री हासिल करने वाली अपने परिवार की पहली महिला बनीं। कॉलेज के दौरान कैरोलिन लीविट सॉफ्टबॉल टीम का हिस्सा भी रहीं।
2017 में पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक प्रसारण क्लब बनाया। यह क्लब कॉलेज में होने वाली घटनाओं को कवर करता था। इसी बीच डब्ल्यूएमआरयू चैनल में इंटर्नशिप की। नियमित तौर पर अपने कॉलेज के अखबार सेंट एंसलम क्रायर में संपादकीय लेख लिखे।

रिपोर्टर बनने की थी ख्वाहिश
कैरोलिन लीविट की ख्वाहिश रिपोर्टर बनने की थी। उन्होंने एक टीवी चैनल पर कुछ दिन काम भी किया। इसके बाद व्हाइट हाउस में इंटर्नशिप का आवेदन किया। सिलेक्शन होने पर प्रेस कार्यालय में काम किया। यहां कैरोलिन का काम राष्ट्रपति के पत्र लिखना था। बाद में कैरोलिन लीविट ने व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव रहीं केली मैकएनानी से प्रेस कार्यालय में नौकरी मांगी। जल्द ही उन्हें सहायक प्रेस सचिव बना दिया गया। ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में उन्हें प्रेस सचिव के पद पर नियुक्त किया तो हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि कैरोलिन लीविट का उदय बड़ी तेजी से हुआ।
