'ब्रेकिंग बैड' से दुनिया भर में नाम कमाने वाले अभिनेता आरजे मिट्टे का आज निधन हो गया है। वह महज 34 साल के थे। उनके निधन से इंडस्ट्री के लोग सदमे में है। इस शो के पांचों सीजन में उन्होंने वॉल्टर व्हाइट के बेटे 'वॉल्टर व्हाइट जूनियर' का रोल प्ले किया था। उनकी मौत का कारण सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की उनके मौत की वजह सामने आएगी। वह बचपन से ही सेरेब्रल पाल्सी से जूझ रहे थे। यह एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। आइए इस बीमारी के बारे में जानते हैं।

 

सेरेब्रल पाल्सी न्यूरोलॉजिक्ल डिसॉर्डर है जिसकी वजह से हाथों और पैरों को हिलाने में दिक्कत होती है और पॉश्चर बैलेंस करने में परेशानी होती है। सेरेब्रल मतलब दिमाग से जुड़ा और पाल्सी का मतलब मांसपेशियों का इस्तेमाल करने में परेशानी होना। यह बचपन में होने वाली सबसे आम मोटर विकलांगता है। हर व्यक्ति में इस बीमारी के लक्षण अलग-अलग दिखाई देते हैं। गंभीर सेरेब्रल पाल्सी में व्यक्ति को चलने फिरने में सहारे की जरूरत होती है या यह भी हो सकता है कि वह बिल्कुल भी चल न पाएं। माइल्ड सेरेब्रल पाल्सी में व्यक्ति के चलने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है। हालांकि उम्र के साथ इसके लक्षण बदल सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले इन 6 तरीकों से बचाएं पैसे, जेब पर नहीं पड़ेगा बोझ

सेरेब्रल पाल्सी के बच्चों में दिखने वाले लक्षण

सेरेब्रल पाल्सी के मरीजों को चलने फिरने और बैठने में परेशानी होती है। इसके अलावा बैद्धिक विकलांगता, देखने, सुनने या बोलने में समस्या, रीढ़ की हड्डी में परिवर्तन, जोड़ों की समस्या हो सकती है।

 

6 महीने से कम की उम्र का बच्चा

 

जब आप बच्चे को पीठ के बल लेटे हुए उठाते हैं तो उनका सिर पीछे की और लटक आता, शरीर अकड़ा हुआ लगता है। जब आप उन्हें गोद में उठाते हैं तो वह अपनी पीठ और गर्दन को पीछे की और खींचते हैं। वे आपसे खुद को दूर करने की कोशिश करते है। उनके पैर कैंची की तरह क्रॉस हो जाते हैं।

 

 

6 महीने से ज्यादा उम्र का बच्चा

  • किसी भी तरफ करवट नहीं लेते या पलटते नहीं है
  • अपने दोनों हाथों को साथ में नहीं ला पाते हैं।
  • हाथों को मुंह तक लाने में परेशानी होती है।
  • वे सिर्फ एक हाथ बढ़ाते हैं जबकि दूसरे हाथ की मुट्ठी बांधकर रखते हैं।

10 महीने से ज्यादा का बच्चा

  • टेढ़े मेढ़े तरीके से घिसटकर चलते हैं। एक हाथ और एक पैर पर ज्यादा जोर देते हैं जबकि दूसरे हाथ और पैर को घसीटते हैं।
  • कूल्हों के बल खिसकते हैं या घुटनों के बल उछलते हैं। 

यह भी पढ़ें: मोटापा से लेकर कोलेस्ट्रॉल को करता है कम, हरा सोयाबीन कैसे बन रहा है सुपरफूड?

सेरेब्रल पाल्सी का कारण 

सेरेब्रल पाल्सी के 85% से 90% मामले जन्मजात ही होते हैं। पहले मानना था कि इसका मुख्य कारण जन्म के समय दिमाग में ऑक्सीजन की कमी की वजह से होता है लेकिन यह कारण बहुत ही कम मामलों में होता है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। इसमें जन्म के बाद सिर पर गंभीर चोट लगना या मेनिन्जाइटिस जैसे संक्रमण की वजह से भी हो सकता है।

सेरेब्रल पाल्सी की कोई दवा नहीं

इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है लेकिन शुरुआती पहचान और इलाज से इस स्थिति वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए बच्चे के विकास और बढ़त पर नजर रखना चाहिए। अगर बच्चे में कोई दिक्कत नजर आती है तो तुरंत डॉक्टर के पास जाए। 

 

फिजियोथेरेपी और एक्सरसाइज से बच्चों के हाथ पैर की अकड़न को कम किया जा सकता है। अगर बोलने में दिक्कत हो रही है तो स्पीच थेरेपी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा सपोर्टिव बेल्ट, वॉकर या सर्जरी भी की जा सकती है