दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। आज उनका अनशन 17वें दिन में प्रवेश कर चुका है। सोनम वांगचुक देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उन्हें जनसमर्थन भी मिल रहा है। अब उन्हें फिल्म '3 इडियट्स'में चतुर रामालिंगम यानी साइलेंसर का किरदार निभाने वाले एक्टर ओमी वैद्य का भी साथ मिल गया है। ओमी वैद्य ने एक वीडिया जारी किया है, जिसमें उन्होंने लोगों से सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में ओमी वैद्य ने कहा कि सोनम वांगचुक वही व्यक्ति है जिसका '3 इडियट्स'फिल्म में जिक्र है। उन्होंने कहा कि लद्दाख के इसी व्यक्ति से प्रेरित होकर फुंसुक वांगडू का किरदार बनाया गया था। वैद्य ने कहा, 'मैं नहीं चाहता कि फुंसुक वांगडू' मर जाए।
यह भी पढ़ें: 'E20 पेट्रोल की वजह से नहीं कम हुई माइलेज', सौरव जोशी के दावे पर कंपनी की सफाई
आमिर खान ने निभाया था किरदार
उन्होंने बताया कि फुंसुक वांगडू का किरदार फिल्म में आमिर खान ने निभाया था और वह असल जिंदगी में इंजीनियर, रिसर्चर और शिक्षक सोनम वांगचुक से ही प्रेरित था। वैद्य ने बताया कि उनकी सोनम वांगचुक से मुलाकात हो चुकी है और वह बेहद सादगी पसंद और समाज के लिए काम करने वाले इंसान हैं।
लोगों से की अपील
ओमी वैद्य ने वीडियो में कहा कि इस समय वह लंबी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक एजुकेशन सिस्टम से जुड़े कुछ मु्द्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और चाहे आप उनका समर्थन करें या ना करें लेकिन मैं इस व्यक्ति को मरते हुए नहीं देख सकता हूं। ओमी वैद्य ने लोगों से अपील की की वे सोनम का समर्थन करें।
'तोहफा कबूल करें'
इस फिल्म का एक डायलॉग बहुत ज्यादा मशहूर हुआ था जिसमें तीनों मुख्य किरदार कहते थे, 'जाहपना तुसी ग्रेह हो, तोहफा कबूल करो।' ओमी वैद्य कुछ इसी अंदाज में सोनम वांगचुक को तोहफा देते हैं और यह तोहफा उनकी लोगों से अपील है।
ओमी वैद्य ने कहा कि आप सभी लोग अपना काम छोड़कर, ऑफिस का प्रोजेक्ट छोड़कर और घर का काम छोड़कर इस व्यक्ति का समर्थन करें। उन्होंने अपनी वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने के लिए कहा और अपील की कि जो भी आप लोग कर सकते हैं वह करें। आगे वह सोनम वांगचुक के लिए इस अपील को एक तोहफा बताते हुए कहते हैं, 'यह तोहफा जो मैं आपको दे रहा हूं। इसको कबूल करो।'
यह भी पढ़ें: 17 दिन से अनशन, सेहत खराब, CJI के प्रोटेस्ट में चाहते क्या हैं सोनम वांगचुक?
17वें दिन में पहुंची भूख हड़ताल
सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 14 जुलाई को 17वें दिन में पहुंच गई है। वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार समेत कई मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है। 14 जुलाई तक उनका 8.5 किलोग्राम वजन कम हो गया है। हालांकि, उन्हें छात्रों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। अब ओमी वैद्य के वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस आंदोलन की चर्चा और तेज हो गई है।
