अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जबरदस्त जंग छिड़ी हुई है। इजराइल लगातार ईरान पर हवाई हमलों को अंजाम दे रहा है। ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इस बीच भारत में प्रमुख शिया धर्म गुरु सैयद कल्बे जवाद ने ईरान का खुलकर समर्थन किया और अमेरिका को अपराधी करार दिया। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में इजरायल के खिलाफ रैली निकाली गई।
ईरान शिया बहुल आबादी वाला देश है। भारत में भी शिया समुदाय की अच्छी खासी तादाद है। भारत और ईरान के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं। दशकों से भारत कच्चा तेल खरीदता रहा है। दोनों देशों के लोगों के बीच भी आपसी रिश्ते हैं। बड़ी संख्या में भारतीय छात्र ईरान में पढ़ते हैं।
यह भी पढ़ें: ...तो अब ईरान पर हमला करेगा पाकिस्तान? सऊदी पर अटैक से उठे सवाल
यही वजह है कि ईरान में होने वाली हर हलचल पर भारत से प्रतिक्रिया आती है। अब लखनऊ के रहने वाले शिया मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद ने कहा कि इतिहास में ईरान ने कभी किसी देश पर हमला नहीं किया है। ईरान पर हमेशा हमले हुए हैं। पूरी दुनिया जानती है कि अपराधी कौन है? यह अमेरिका की साजिश है और अमेरिका दुनिया पर अपना नियंत्रण बढ़ाना चाहता है। इसी वजह से वह पूरी दुनिया को अपना गुलाम बनाना चाह रहा है।'
सैयद कल्बे जवाद ने आगे कहा कि ईरान और इजराइल के बीच शांति के लिए बातचीत चल रही थी, लेकिन बातचीत के दौरान ही हमला करने का मतलब साफ है कि वे चाहते हैं कि ईरान उनका गुलाम बन जाए।
यह भी पढ़ें: 'मोदी का प्लेन हवा में होता और तब हमला होता तो...', ओवैसी ने उठाए कई सवाल
उनका कहना है कि ईरान न पहले किसी देश का गुलाम बना है और न आज किसी का गुलाम बनेगा। मौलाना सैयद कल्बे जवाद ने भारत के रुख पर अफसोस जताया और कहा कि भारत हमेशा अत्याचारियों का विरोध करता है, लेकिन यह बड़ी अफसोस की बात है कि भारत इस वक्त इजरायल की हिमायत कर रहा है, जो कि शर्मनाक बात है।
