दिल्ली-NCR कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (NCG) की कीमतें बढ़ गईं हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार को दिल्ली में CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी का एलान किया। नई कीमत शनिवार 29 अगस्त सुबह 6 बजे से लागू हो गई है। अब दिल्ली में सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलो की जगह 86.98 रुपये प्रति किलो पर मिल रही है। कंपनी ने यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय एलएनजी कीमतों में तेज उछाल के कारण की है। 

पश्चिम एशिया संकट के चलते होर्मुज स्ट्रेट से एलएनजी कार्गो की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक गैस कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं। IGL का कहना है कि यूरोपीय टीटीएफ गैस की कीमत फरवरी के अंत में करीब 11.36 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (MMBTU) से बढ़कर 27 अगस्त तक लगभग 23.35 डॉलर प्रति MMBTU पहुंच गई। दिल्ली में सीएनजी की खुदरा कीमत इस दौरान सिर्फ करीब 7.8 प्रतिशत बढ़ी थी। 

यह भी पढ़ें: एथेनॉल की तरह CNG, PNG में बायोगैस मिलाने की तैयारी, गोबरधन मिशन की ABCD समझिए

क्यों बढ़े हैं CNG के दाम?

कंपनी ने बताया कि सीएनजी के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का बड़ा हिस्सा आयातित स्पॉट एलएनजी से आता है। दाम और मांग बढ़ने से सीएनजी की खपत भी काफी बढ़ गई है, इसलिए आयातित गैस पर निर्भरता बढ़ी है। आईजीएल का कहना है कि यह बढ़ोतरी आंशिक रूप से बढ़े हुए खर्च को पूरा करने के लिए की गई है, जिसेस आपूर्ति जारी रह सके।

IGL ने क्या कहा है?

आईजीएल का दावा है कि बढ़ोतरी के बावजूद दिल्ली की सीएनजी कीमत अन्य ईंधनों के मुकाबले अब भी सस्ती और किफायती बनी हुई है। कंपनी ने कहा कि वह सीएनजी को सस्ता, साफ और भरोसेमंद ईंधन बनाए रखने की कोशिश जारी रखेगी। IGL दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क चलाती है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने PM मोदी को कहा 'महंगाई मैन', सीएनजी की बढ़त पर घेरा

IGL का नेटवर्क कितना बड़ा है?

 IGL के पास 30,000 किलोमीटर से ज्यादा पाइपलाइन और 1,000 से अधिक सीएनजी स्टेशन हैं। कंपनी 21 लाख से ज्यादा वाहनों को सीएनजी और करीब 35 लाख घरों को पाइप गैस सप्लाई करती है।