राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में गुरुवार की सुबह हल्की बारिश के साथ हुई। अचानक से मौसम सुहावना हो गया और सुबह के समय बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में प्रति घंटे पांच से 15 मिलीमीटर की दर से मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। अचानक बदले इस मौसम से कुछ लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘ज्ञानेश कुमार PM मोदी को क्या दे रहे हैं?’ अभिजीत दीपके ने उठाये गंभीर सवाल
तापमान में होगा परिवर्तन?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
अचानक क्यों बदला मौसम?
विशेषज्ञों ने बारिश के इस अचानक दौर के लिए पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण को जिम्मेदार बताया है। उनके अनुसार, यह मानसून के बाद की सामान्य मौसमी स्थिति का हिस्सा है। इसके चलते दिल्ली सहित क्षेत्र के अन्य हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
वायु प्रदूषण पर पड़ेगा असर?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 165 दर्ज किया गया। यह मध्यम श्रेणी में आता है और बारिश के बाद कुछ समय तक वायु प्रदूषण में हल्की कमी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, लंबे समय में इसका कुछ खास असर नहीं होगा।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, जीरो से 50 तक का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
यह भी पढ़ें: बेमौसम बारिश का डर, मंडियों में नहीं उठ रहा धान; हरियाणा में धरने पर बैठे किसान
अन्य राज्यों में भी हुई बारिश
दिल्ली के अलावा देश भी गुरुवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने भी बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है।
