मानसून अब धीरे-धीरे देश से विदा ले रहा है लेकिन कई राज्यों में अब भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों से मानसून लौट सकता है। इसके अलावा, गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों, पूरे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से भी इसकी वापसी के लिए हालात अनुकूल हैं। 

 

वहींं मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून पीछे हट सकता है। फिलहाल मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुज़फ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 2-3 दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: अक्टूबर महीने का राशिफल: किन लोगों की बढ़ेगी कमाई, आपको धन लाभ होगा या नहीं?

उत्तर प्रदेश बिहार समेत इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पीछे हटने के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हैं लेकिन इन राज्यों के ऊपर वायुमंडल में पांच चक्रवाती सर्कुलेशन अभी भी बना हुआ है। ऐसे में इसकी वजह से इन राज्यों में कहीं-कहीं जोरदार बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों में तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी देखने को मिल सकती है।   

दिल्ली-एनसीआर में साफ आसमान 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ और सुहावना बना रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33°C से 35°C (सामान्य के पास) और न्यूनतम तापमान 21°C से 23°C (सामान्य से थोड़ा कम) रहने की संभावना है।  

पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम? 

30 सितंबर से 6 अक्टूबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश और असम व मेघालय में, 1 से 6 अक्टूबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है।  30 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में काफ़ी बड़े इलाके में या लगभग सभी जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

 

इसके अलावा, 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में कहीं-कहीं आंधी-तूफ़ान और बिजली कड़कने की संभावना है।  3 से 4 अक्टूबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश में, 30 सितंबर को असम व मेघालय में और 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।