भारत के चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की कुल 24 राज्यसभा सीटों के चुनाव का एलान कर दिया है। इन सभी सीटों के लिए अगर जरूरी हुआ तो 18 जून को मतदान होगा। इन 24 में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की चार-चार सीटें शामिल हैं। जिन सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और शक्ति सिंह गोहिल का नाम प्रमुख है।

 

चुनाव आयोग ने बताया है कि अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी और नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून को होगी। 9 तारीख को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक नाम वापस ले लिए जाएंगे। अगर कहीं पर चुनाव यानी मतदान की जरूरत पड़ती है तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम के 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। उसी दिन शाम के 5 बजे से वोटों की गिनती पूरी होगी और यह पूरी चुनावी प्रक्रिया 20 जून को पूरी हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 'डर से जानवर पालने बंद कर दिए थे', बांग्लादेश बॉर्डर पर बाड़बंदी पर बोले लोग

कहां-कहां होंगे चुनाव?

कुल 10 राज्यों की 24 सीटों के चुनाव होने हैं। इसमें से शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई सीट अगस्त 205 से खाली है। बाकी के 22 सदस्यों का कार्यकाल जून 2026 में और एक सांसद का कार्यकाल जुलाई में खत्म होना है। 24 में से 4-4 सीटें गुजरात, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में खाली हो रही हैं। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और राजस्थान की भी तीन-तीन सीटें खाली हो रही हैं। झारखंड की दो और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट खाली हो रही है जिस पर चुनाव होने हैं।

 

इसमें गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में  भारतीय जनता पार्टी (BJP) की या उसके सहयोयिगों की सरकार है। कर्नाटक और झारखंड में कांग्रेस का उसके सहयोगियों की सरकार है। वहीं, मिजोरम में जोराम पीपल्स मूवमेंट के लाल्दुहोमा की सरकार है जो NDA या INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।

 

2 सीटों के लिए उपचुनाव

महाराष्ट्र की एक सीट सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के चलते खाली हो गई है। वह महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम बनने के बाद बारामती विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं और अब राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। इसी तरह तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के नेता सी वी षणमुगम तमिलनाडु में विधायक चुने गए हैं और अब उन्होंने भी राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। सुनेत्रा पवार का कार्यकाल 3 जून 2028 तक तो सी वी षणमुगम का कार्यकाल 29 जून 2028 तक चलना था। इन दोनों सीटों पर भी 18 जून को ही वोटिंग होगी।

 

यह भी पढ़ें: हॉस्टल से निकालने पर बवाल, दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्राओं का आधी रात प्रदर्शन

 

रिटायर हो रहे सांसदों में बीजेपी के 12, कांग्रेस के 4, YSR कांग्रेस के तीन, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के 1, नेशनल पीपल्स पार्टी के 1, जनता दल (सेक्युलर) के 1 और मिजो नेशनल फ्रंट के एक सांसद शामिल हैं। एक सीट शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई है। राज्यों की विधानसभाओं की स्थिति देखें तो गुजरात, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश में बीजेपी का मजबूत होना तय है। वहीं, कर्नाटक में कांग्रेस मजबूत हो सकती है।