भारत सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन को लेकर जापान के पूर्व कानून मंत्री हिदेकी माकिहारा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, यह परियोजना जापान की मदद से भारत साकार कर रहा है। माकिहारा ने एक तत्कालीन भारतीय मंत्री और अधिकारियों के ऊपर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हमने बुलेट ट्रेन परियोजना में भारत की लापरवाही देखी है।

 

जापानी नेता ने कहा कि बुटेल ट्रेन परियोजना में हो रही देरी के लिए पूरी तरह से भारत जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय अधिकारियों ने बातचीत के दौरान कई बार अपने वादे पूरे नहीं किए और केवल अपने हितों को प्राथमिकता दी।

 

यह भी पढ़ें: E20 पेट्रोल से क्या-क्या खराब हो रहा है? गाड़ियां बनाने वाले मैकेनिक्स से जानिए

 

सत्तारूढ़ पार्टी के नेता हैं माकिहारा

 

हिदेकी माकिहारा जापान के पूर्व न्याय मंत्री हैं और सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हैं। उन्होंने पहले भी भारत-जापानी शिंकानसेन परियोजना में देरी के लिए भारत को दोषी ठहराया था। 

 

माकिहारा ने कहा क्या है?

 

उन्होंने कहा, 'भारत में शिंकानसेन परियोजना कुछ ऐसी चीज हैं जिसमें मैं खुद शामिल था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बैठकों और वार्ताओं में जो बात सामने आई, वह भारतीय पक्ष की लापरवाही थी, जिसे बार-बार दोहराया गया। वे वादे पूरे नहीं करते, चाहे कुछ भी हो जाए। अगर वे वादा करते भी हैं तो तुरंत उसे पलट देते हैं।'

 

उन्होंने भारत को लेकर कहा, 'वे अंत तक अपने स्वार्थ को आगे बढ़ाते रहते हैं। प्रभारी मंत्री विशेष रूप से भयानक थे। अगर शीर्ष व्यक्ति ऐसा है तो कोई सभ्य व्यवहार करने का कोई रास्ता नहीं है। उन सभी जापानी लोगों के सम्मान के लिए जिन्होंने इसमें अपना दिल लगा दिया, मुझे यह कहना होगा। मुझे 100 फीसदी लगता है कि इसके आगे नहीं बढ़ने का कारण पूरी तरह से भारतीय पक्ष है।'

 

 

 

 

भारत ने माकिहारा के बयान पर किया पलटवार

 

हालांकि, भारत ने बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी के लिए भारत को दोषी ठहराने वाले जापानी मंत्री के बयान को लेकर पलटवार किया। भारत ने कहा कि उनका बयान तथ्यों वाला नहीं है और यह उनकी व्यक्तिगत राय है।

 

यह भी पढ़ें: बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राजेंद्र चौहान अरेस्ट, कल कोर्ट में पेशी

 

माकिहारा की व्यक्तिगत राय बताया

 

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को हिदेकी मकीहारा के दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह एक व्यक्तिगत राय है और तथ्यों से काफी अलग है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, 'हमने पोस्ट देखा है। यह एक व्यक्तिगत राय है और तथ्यों से काफी अलग है। मुंबई-अहमदाबाद HSR पर भारत-जापान बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।'

 

वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत 15 अगस्त, 2027 से अपनी पहली बुलेट ट्रेन सर्विस के पहले फेज का ऑपरेशन शुरू करेगा। वैष्णव ने कहा कि स्पीड रेल कॉरिडोर सूरत-बिलिमोरा सेक्शन से शुरू होकर फेज में खुलेगा।