राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन के गली नंबर एक स्थित एक इमारत में आज सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल भी हैं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कर्मचारियों ने खबर लिखे जाने तक कुल आठ लोगों को बचा लिया है।
बताया जा रहा है कि 11 और 12 जून को थाना गोविंदपुरी में रात 2:24 बजे पीसीआर कॉल आई और पुलिस को दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद बचाव में लगी टीमों ने भारी धुएं में फंसे कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
यह भी पढ़ें: 'सेल तो लगी है...', 7 सांसदों की संभावित दल-बदल पर बोले शिवसेना (UBT) के नेता
तीन की मौत, दो गंभीर
इस घटना में खबर लिखे जाने तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में एक 22 साल का युवक है और दो महिलाएं भी हैं। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
क्या बोले लोग?
दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में है। स्थानीय निवासी रेनू ने बताया कि करीब रात 2 बजे हमें आग लगने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा, 'कई दोपहिया वाहन आग की चपेट में आ गए थे और कई धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोपहिया वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।'
उन्होंने आगे बताया कि कुछ लोगों को इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर बाहर निकाला गया। इस हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। स्थानीय लोग बचाव अभियान में साथ आए और उन्होंने इमारत में फंसे लोगों ने बचाने के लिए साड़ियों का सहारा लिया।
