केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार 13 अगस्त की शाम को उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी कई जांचें कीं, इनमें दिल की एंजियोग्राफी भी शामिल थी। एम्स की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर उनकी सेहत की जानकारी दी गई है।
फिलहाल वह कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती हैं। बता दें कि जेपी नड्डा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान काफी ज्यादा सक्रिय थे। उन्होंने ही सोनम वांगचुक को सूप पिलाकर उनकी भूख हड़ताल खत्म कराई थी। इसके बाद सीजेपी के नेताओं से बात कर जंतर-मंतर का धरना भी समाप्त कराया था।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट से समय रैना को बड़ी राहत, सभी FIR रद्द करने का आदेश
AIIMS ने जारी किया हेल्थ अपडेट
AIIMS ने नड्डा के स्वास्थ्य को लेकर जारी एक बयान में कहा, 'केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की 13 अगस्त, 2026 की शाम को बेचैनी के कारण जांच की गई, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल थी। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें AIIMS के कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया है।' फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने बिना किसी देरी के उनकी प्रारंभिक जांच शुरू की। हृदय की नसों की एंजियोग्राफी टेस्ट एक महत्वपूर्ण कदम था। यह टेस्ट इसलिए किया जाता है, ताकि पता चल सके कि हृदय संबंधी कोई गंभीर समस्या न हो। टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उनकी सेहत को लेकर किसी भी तरह की चिंता को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉक्टरों की एक टीम कर रही निगरानी
बता दें कि केंद्रीय मंत्री को एम्स के जिस कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है, वह विभाग हृदय रोगों के इलाज में विशेषज्ञता रखता है। उन्हें चौबीसों घंटे डॉक्टरों की एक टीम की निगरानी में रखा गया है। इसके साथ ही, उनकी सभी महत्वपूर्ण शारीरिक गतिविधियों की नियमित रूप से जांच की जा रही है।
