देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का आज 20वां दिन है। देश के शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सेहत गिरती जा रही है लेकिन वह अनशन खत्म करने को तैयार नहीं हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 20 जुलाई के लिए एक एलान किया है कि संसद मार्च निकाला जाएगा। इसके बारे में सोनम वांगचुक का कहना है कि वह हर हाल में 20 जुलाई तक जिंदा रहेंगे। सोनम ने कहा है कि अगर वह ऐसा नहीं कर पाए तो भूत बनकर वापस आएंगे।
NEET पेपर लीक को लेकर शुरू हुए इस आंदोलन का मुख्य मुद्दा अब धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बन गया है। सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के लगातार जारी रहने के चलते अब विपक्षी दलों का समर्थन भी मिलने लगा है। बीते दो-तीन दिन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के कई नेता जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं।
अब कॉकरोच जनता पार्टी ने X पर वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि सोनम वांगचुक की हालत ठीक नहीं है, फिर भी सत्ता में बैठे लोग मस्त हैं। वांगचुक ने अपना विरोध जारी रखने और 20 जुलाई को संसद तक होने वाले प्रस्तावित मार्च में शामिल होने का अपना संकल्प एक बार फिर दोहराया है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: टिन्नू-मनीष पर शिकंजा, जेल में पूछताछ और रिमांड की तैयारी
'मैं भूत बनकर वापस आऊंगा'
कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसमें वांगचुक आंदोलन में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा ताकि मैं आप सबके साथ संसद तक मार्च कर सकूं। अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा तो फिर मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।' इसके साथ उन्होंने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है।
NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रही कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'भारत जाग रहा है!'
यह भी पढ़ें: दलित, OBC और सिखों पर नजर, एक रैली से पंजाब की किन 23 सीटों को साधेंगे PM मोदी?
20 जुलाई को संसद कूच की तैयारी
20 जुलाई को सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी के अगुवाई में दिल्ली में संसद तक शांतिपूर्ण मार्च (संसद कूच) का आयोजन किया गया है। यह आंदोलन नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली व अनियमितताओं के खिलाफ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।
कई बड़ी पार्टियां सोनम वांगचुक और सीजेपी के समर्थन में उतर चुकी हैं। इस आंदोलन में अरविंद केजरीवाल , डिंपल यादव, स्वरा भास्कर जैसी बड़ी हस्तियां भी शामिल हुई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट शेयर करके कई जानी-मानी हस्तियों ने सोनम वांगचुक का समर्थन किया है।
