अहमदाबाद से मुंबई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री के खाने में मरा हुआ कीड़ा मिला। इस घटना ने प्रीमियम ट्रेन में मिलने वाले खाने की क्वॉलिटी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे ने इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए खाना सप्लाई करने वाले वेंडर पर 10 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है और साथ ही उसका कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का नोटिस भी जारी कर दिया है।
मुंबई के रहने वाले आदित्य डिडवानिया अहमदाबाद से मुंबई का सफर कर रहे थे। सफर के दौरान जब उन्हें खाना दिया गया, तो दाल-चावल के डिब्बे में एक कीड़ा तैरता हुआ दिखा। आदित्य ने तुरंत इसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। उन्होंने बताया कि उनके कोच में ऐसे दो मामले सामने आए थे, जिसके बाद सभी यात्रियों ने बीमार होने के डर के मारे खाना खाना बंद कर दिया।
यह भी पढ़ें: रीचार्ज खत्म होने पर इनकमिंग क्यों बंद? राघव चड्ढा ने टेलीकॉम कंपनियों को घेरा
वेंडर पर कड़ी कार्रवाई
इस ट्रेन में कैटरिंग की जिम्मेदारी 'मैसर्स वृंदावन फूड प्रोडक्टस' (आरके ग्रुप) के पास थी। जैसे ही यह शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुई, आईआरसीटीसी (IRCTC) तुरंत एक्शन में आ गई। अधिकारियों ने वेंडर पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया। इतना ही नहीं, जिस किचन में यह खाना बना था, उसे तुरंत सील कर दिया गया है ताकि वहां अच्छी तरह से सफाई और कीड़े मारने वाली दवा का छिड़काव किया जा सके।
सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायत करने वाले यात्री आदित्य ने रेल मंत्री और खाने की जांच करने वाली संस्था (FSSAI) से गुहार लगाई कि ऐसे वेंडरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रेन का खाना साफ-सफाई के नियमों को ताक पर रखकर बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस वेंडर का लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द कर देना चाहिए ताकि भविष्य में किसी और यात्री की सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो सके।
यह भी पढ़ें: घर को बम से उड़ाया, दो बच्चों की मौत; मणिपुर में फिर मचा बवाल
रेलवे ने यात्रियों से मांगी माफी
इस पूरी घटना के बाद रेलवे ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके खाने की सफाई हमारे लिए सबसे जरूरी है। वेंडर को काम से हटाने का नोटिस भी दे दिया गया है। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर लोग काफी गुस्से में है और कई यात्रियों का कहना है कि अब ट्रेन के खाने पर भरोसा करना मुश्किल है, इसलिए अपना खाना खुद लेकर चलना ही बेहतर है।
