कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले मध्य दिल्ली में आज रात 10 बजे से अगले 24 घंटे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। दिल्ली पुलिस (स्पेशल सेल) के उपायुक्त मनीषी चंद्र ने एक नोटिफिकेशन में बताया कि जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे से चार किलोमीटर के क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अवरुद्ध किया जाएगा।
खबरों के मुताबिक जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवा पर यह पाबंदी लगाई गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी मंजूरी मिली है। हालांकि दिल्ली के बाकी इलाकों में इंटरनेट सेवा पहले की सुचारू रहेगी।
यह भी पढ़ें: यूपी राज्यसभा चुनाव: 8 सीटों पर बीजेपी और 2 सीटों पर सपा निर्विरोध जीती
कनॉट प्लेस में दुकानें बंद रखने की सलाह
उधर, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कनॉट प्लेस में दुकानों, कार्यालयों, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों को शनिवार को बंद रखने की सलाह दी है। संघ के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सलाह और कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
दिल्ली के बॉर्डरों पर भारी सुरक्षा
सीजेपी के विरोध प्रदर्शन से पहले पूरी दिल्ली हाई अलर्ट पर है। हरियाणा और यूपी से लगने वाली सीमाओं पर पैनी नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर बीएसएफ को तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर 57 मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली 38 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। पुलिस ने नई दिल्ली में धारा 163 लागू कर दी है। सीजेपी को शनिवार को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: 'रंगे' हाथ कैसे पकड़े जाते हैं घूसखोर अधिकारी? लेखपाल के वायरल वीडियो से समझिए
चांदनी चौक मार्केट भी बंद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के कई स्कूलों ने 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। यहां तक कक्षाओं को भी ऑनलाइन किया गया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम और गाजीपुर समेत तमाम बॉर्डरों को सील करना शुरू कर दिया है। हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की जांच की जा रही है। कई जगहों पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। शनिवार को भागीरथ पैलेस और चांदनी चौक मार्केट बंद रहेगी। करोल बाग का टू-व्हीलर स्पेयर पार्ट्स बाजार भी नहीं खुलेगा।
