असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर लगे गंभीर आरोपों के सिलसिले में पूछताछ के लिए असम पुलिस कांग्रेस के सीनियर नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा को ढूंढ रही है। असम पुलिस दिल्ली के निजामुद्दीन ईस्ट में उनके घर भी गई थी, लेकिन वह वहां भी नहीं मिले।

 

अब पवन खेड़ा ने सामने आकर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा पर फिर से सवाल उठाए हैं। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि सरकार डराने-धमकाने की पॉलिटिक्स कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेता इन तरीकों से पीछे नहीं हटेंगे। खेड़ा ने मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ी कथित विदेशी कंपनियों और नागरिकता के कागजात का हवाला देते हुए जांच की मांग की है।

 

पवन खेड़ा ने पुलिस कार्रवाई पर दुख जताते हुए कहा, 'दिल्ली में मेरे फ्लैट पर सौ पुलिस वाले गए। मेरी छोटी बहन जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसकी याद के तौर पर रखा एक पुराना फोन और अन्य उपकरण उठा ले गए। आप कांग्रेस को चुप क्यों करवाना चाहते हैं? मुझे चुप क्यों करवाना चाहते हैं? सरमा जी, हमारी आदत डरने की नहीं है, मैं मेवाड़ का हूं और राहुल गांधी का सिपाही हूं।'

 

यह भी पढ़ें: 'अंधविश्वास है या नहीं, हम तय करेंगे', सबरीमला विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

पवन खेड़ा ने कथित दस्तावेजों का किया जिक्र

पवन खेड़ा ने अमेरिका के व्योमिंग और उटाह प्रांत की सरकारी वेबसाइटों का हवाला देते हुए कुछ गंभीर दस्तावेज पेश किए। उन्होंने बताया कि नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) रिवोक होने के बाद कई जानकारियां सार्वजनिक हुई हैं। खेड़ा के अनुसार, इन दस्तावेजों में बियॉन्ड भुयान प्रॉपर्टीज (LLC) जैसी कंपनियों का जिक्र है।

 

उन्होंने आगे दावा किया कि इन दस्तावेजों में रेनीकी भुयान शर्मा का नाम 'ऑथराइज्ड मेंबर' के रूप में दर्ज है और इसमें एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता का भी उल्लेख है। खेड़ा ने कहा, 'हमारे पास जो कागज आए हैं, हम उन्हें सार्वजनिक कर रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: 'महंगाई बढ़ेगी, GDP पर होगा असर', पश्चिम एशिया संकट पर RBI ने दी चेतावनी

 

पवन खेड़ा ने यूनाइटेड किंगडम (UK) की सरकारी वेबसाइट का डेटा साझा करते हुए कहा कि भुयान प्रॉपर्टीज लिमिटेड का पंजीकृत पता लंदन में कई बार बदला गया है। उन्होंने कहा, 'सरकारी वेबसाइट पर 16 मार्च 2026 को पता बदलने की जानकारी दर्ज है। इसके अलावा दुबई और बांग्लादेश के ढाका के पते भी सामने आ रहे हैं। हमारे सवाल सीधे हैं क्या इजिप्ट का पासपोर्ट, यूएई का गोल्डन वीजा और एंटीगुआ का पासपोर्ट असली है या नकली? क्या फेक KYC के जरिए ये शेल कंपनियां खोली गईं? यह जांच का विषय है।'

क्या है पूरा मामला?

पवन खेड़ा ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास यूएई, इजिप्ट और एंटीगुआ जैसे देशों के कई पासपोर्ट हैं। साथ ही, उन्होंने अमेरिका के व्योमिंग में 53,000 करोड़ रुपये की एक बेनामी कंपनी और दुबई में अघोषित संपत्तियों का भी जिक्र किया। इन आरोपों ने असम में मतदान से ठीक पहले चुनावी माहौल को गरमा दिया है।

 

यह भी पढ़ें: 'गुजरातियों का हमेशा सम्मान किया', विवाद पर मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया खेद

 

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह असम पुलिस की टीम पवन खेड़ा के घर पहुंची थी। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर की तलाशी ली और कुछ अहम दस्तावेज मिलने की बात कही। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस बाहर आई।