लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) और लोकसभा सीटों को 850 तक बढ़ाने की योजना पर तीखा हमला बोला है। राहुल ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस पूरी प्रक्रिया को सत्ता हथियाने की कोशिश और हिस्सा चोरी करार दिया। उनका आरोप है कि यह कदम महिला सशक्तिकरण के नाम पर असल में ओबीसी (OBC), दलित और आदिवासी समुदायों के राजनीतिक अधिकारों को छीनने की एक बड़ी साजिश है।
राहुल गांधी का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण और गेरीमैंडरिंग के जरिए राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस और विपक्ष जातिगत जनगणना के बिना किसी भी ऐसे बदलाव को स्वीकार नहीं करेंगे जो पिछड़ों की भागीदारी को सीमित करता हो। राहुल ने इसे राष्ट्रीय हितों के खिलाफ बताते हुए सरकार की मंशा पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें: वाड्रा को कोर्ट ने 16 मई को किया तलब, मनी लॉन्ड्रिंग केस में जारी रहेगी सुनवाई
राहुल गांधी ने सरकार द्वारा 2011 की जनगणना के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन आंकड़ों में पिछड़ी जातियों (OBC) का कोई स्पष्ट डेटा मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नई जनगणना या जातिगत जनगणना से भाग रहे हैं। प्रधानमंत्री 15 साल पुराने आंकड़ों के जरिए देश की बड़ी आबादी के संवैधानिक अधिकारों को छीनना चाहते हैं।' राहुल ने मांग की कि साल 2027 की जनगणना के आधार पर ही कोई भी फैसला लिया जाए, जिसमें जातिगत गिनती भी शामिल हो।
दक्षिण और छोटे राज्यों के लिए जताई चिंता
कांग्रेस नेता ने परिसीमन के एक गंभीर पहलू की ओर इशारा करते हुए कहा कि सीटों के नए गणित से दक्षिण भारतीय राज्यों, उत्तर-पूर्व और छोटे राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो जाएगा। उन्होंने तर्क दिया कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतरीन काम किया है, उन्हें सीटों की संख्या घटाकर सजा दी जा रही है। राहुल ने कहा कि यह न केवल असंवैधानिक है, बल्कि संघीय ढांचे पर भी प्रहार है। वे क्षेत्रीय संतुलन बिगाड़कर छोटे राज्यों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: नोएडा कांड में RJD की प्रियंका भारती और कंचना यादव कैसे फंस गईं?
एपस्टीन फाइल्स का किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने हमले में अमेरिका की 'एपस्टीन फाइल्स' का जिक्र कर सियासी पारा चढ़ा दिया। उन्होंने दावा किया, 'PM मोदी इन फाइलों के सार्वजनिक होने के डर से घबराए हुए हैं और अपनी छवि बचाने के लिए खुद को महिला समर्थक दिखाने का प्रयास कर रहे हैं।' राहुल ने तंज कसा कि डोनाल्ड ट्रंप के पास उन फाइलों की चाबी है, जिससे बचने के लिए सरकार इस तरह के विवादास्पद बिल ला रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब इन राजनीतिक पैंतरेबाजी को समझ चुकी है और अपने हक की लड़ाई जारी रखेगी।
