दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को 'फ्लोरिश B&B' होटल में लगी भीषण आग में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है। होटल के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। अपनों की तलाश  और मौत के गम में हर आंख नम है। दमकल विभाग के कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर कई विचलित करने वाले वीडियो वायरल हैं। इन वीडियो में इमारत आग की लपटों और धुएं से घिरी है। होटल घनी बस्ती वाले इलाके में बना है। गली भी बेहद संकरी है। 

 

हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली नगर निगम के हवाले से बताया कि फ्लोरिश B&B को सिर्फ छह कमरों की अनुमति मिली थी। मगर यहां चार गुना अधिक 24 लोगों को ठहराया गया था। हालांकि लाइसेंस अप्रैल 2027 तक वैध है। होटल में आने जाने का रास्ता भी एक है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि होटल के पास फायर एनओसी है या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: टूट गई ममता बनर्जी की TMC, 59 विधायकों ने बनाया अलग गुट, हो गया खेला

गद्दों में कूदकर बचाई जान

सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल है। इसमें होटल में भीषण आग लगी है। धुएं का गुबार फैला है। आसपास के लोग होटल के बाहर जमीन पर गद्दा बिछा रहे हैं, ताकि खिड़कियों से कूदकर लोग अपनी जान बचा सकें। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग जान बचाने की खातिर गद्दों पर कूद रहे हैं। लोगों का कहना है कि पास में ही मैक्स अस्पताल है। ऐसे में इस होटल में अक्सर मरीजों के तीमारदार ही रुकते हैं।

ईंट फेंककर खिड़कियां तोड़नी पड़ी

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय व्यक्ति वकील मोहम्मद अफजल ने बताया कि इमारत में आने-जाने का एक ही रास्ता है। इस वजह से लोग अंदर ही फंसे थे। ईंट फेंककर खिड़कियों को तोड़ना पड़ा। छत भी बंद थी। इमारत चारों तरफ से बंद थी। उधर, चीफ फायर ऑफिसर ने भी कहा कि इमारत चारों तरफ से बंद है। सामने की तरफ एक दीवार थी और खिड़कियां भी बंद है। ऐसी इमारतों में अक्सर आग फैल जाती है।

 

यह भी पढ़ें: गैंगस्टर ऐक्ट लगाने वाला आदेश खारिज, पूर्व सांसद रिजवान जहीर को बड़ी राहत

 

अपनी मां की सर्जरी कराने आए बांग्लादेश के मिन्हाजुल हसन हादसे में बाल-बाल बच गए। उनका कहना है कि वह अपनी मां और भाई के साथ होटल में रुके थे। उन्होंने बताया कि भाई 10 मिनट पहले ही निकला था। हसन का कहना है कि इमारत में इमारत में कोई खिड़की नहीं है। हवा आने जाने का भी ठीक से इंतजाम नहीं था। होटल में ही ठहरे गिरिराज प्रजापति ने भी वेंटिलेशन की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पूरी इमारत धुएं से भर गई थी। लोग ऊपरी मंजिले गद्दों पर कूद रहे थे। 

गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल है। अभी 26 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इससे साफ है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। सभी झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी में स्थित 'फ्लोरिश स्टे B&B' में बुधवार सुबह भीषण आग लगी। सुबह करीब 8:30 बजे लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। बाद में पता चला कि आग होटल की इमारत में लगी है। दमकल अधिकारी एके मलिक के मुताबिक इमारत में एक बेसमेंट और एक ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर पांच और मंजिल हैं। ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट चलता था। बाकी मंजिलों का इस्तेमाल होटल के तौर पर किया जाता था।