देश के कई हिस्सों में मॉनसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह मॉनसून के दौरान सामान्य घटना है जब मॉनसून पूरी तरह से विदा नहीं लेता लेकिन कुछ दिन के लिए थम जाता है। आमतौर पर इस घटना को मॉनसून ब्रेक कहा जाता है। इसी के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां कम होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, दूसरी ओर पूर्वी भारत, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है और कुछ राज्यों में भारी बारिश को लेकर आज यानी 16 जुलाई को भी अलर्ट जारी किया गया है। 


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान देश में मौसम का मिजाज अलग-अलग राज्यों में अलग रहने वाला है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर की बात करें तो यहां पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश नहीं होने के कारण उमस लगातार बढ़ी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन इससे मौसम में बहुत बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली के लिए गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक से पहले किनकी भूख हड़ताल ने सरकार को झुकाया, कितना लंबा चला संघर्ष?

यूपी, बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से उमस बनी रह सकती है। बिहार में मौसम का मिजाज अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया सहित उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। 

 

पहाड़ी राज्यों में कैसा है मौसम?

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश वाले इलाकों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदियों-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

 

उत्तराखंड में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, बीते दिनों की तुलना में मॉनसून इन राज्यों में भी कमजोर हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 जुलाई से मॉनसून एक बार फिर से रफ्तार पकड़ेगा। 

इन राज्यों में भारी बारिश

पूर्वी भारत में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में भारी बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के प्रभाव से इन क्षेत्रों में कई जगह तेज से बहुत तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी है। मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। 

इन राज्यों में उमस भरी गर्मी करेगी परेशान

बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के कई हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में उमस भरी गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में बादल रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। 

 

यह भी पढ़ें: देश में 2024 में 2.5 करोड़ बच्चों का जन्म, यह रिकॉर्ड सरकार के किस काम आता है?

 

कब से शुरू होगी बारिश?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं यानी मॉनसून ब्रेक जारी है। वहीं पूर्वी भारत और हिमालयी राज्यों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ राज्यों में 17 जुलाई से फिर से मॉनसून सक्रिय हो जाएगा, जबकि 19 जुलाई से ज्यादा तर राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।