देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून का असर बना हुआ है लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने मॉनसून ब्रेक की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने  आज यानी 15 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान समेत 13 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है। 

 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के कारण कुछ समय के लिए अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने के आसार हैं। हालांकि, इसका असर ज्यादा समय तक नहीं रहेगा और दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्र में लोगों को गर्मी और उमस से परेशान  होना पड़ सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: यूपी कांग्रेस के हर कदम के पीछे छिपा है राहुल गांधी का मौन समर्थन, समझिए कैसे?

 

यूपी, बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में पूर्वी और तराई वाले जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है। लखनऊ, गोरखपुर, बस्ती, बलिया, देवरिया और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में मॉनसून ब्रेक के कारण बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है और इसके कारण उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 

 

बिहार की बात करें तो बिहार में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर और पूर्वी बिहार में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तेज बारिश के कारण जलभराव और छोटी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई गई है। बिहार में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

 

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश

झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी लगातार तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर जलभराव और अचानक बाढ़ की आशंका जताई है। इसको देखते हुए कई जिलों में स्थानीय प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। 

 

पहाड़ी राज्यों का मौसम

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मंगलवार को कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड, चट्टानें गिरने और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। कई पर्वतीय जिलों में प्रशासन भी मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए है और टूरिस्ट्स को मौसम पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा प्लान करने की सलाह दी गई है। 

 

यह भी पढ़ें: वैष्णो देवी में 500 करोड़ की नकली चांदी? कोर्ट ने पुलिस से मांगे रिकॉर्ड

अन्य राज्यों का हाल

अन्य राज्यों की बात करें तो राजस्थान के पूर्वी और कुछ पश्चिमी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। इसके अलावा ओडिशा के कुछ इलाकों में भी आज भारी बारिश की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। 

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद की दौड़ में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर, चर्चाओं से हलचल

मॉनसून ब्रेक के कारण गर्मी

देश के कई हिस्सों में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। इसकी वजह से उत्तर-पश्चिम और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ जिले,  तमिलनाडु, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में आज उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी सामान्य से कम बारिश के कारण तापमान बढ़ा है और लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, 16 जुलाई के बाद कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।