पिछले 24 घंटों में देशभर में कई राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई है और अगले 24 घंटों में कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 अगस्त को उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी व पूर्वोत्तर राज्यों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार तथा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना अवदाब बारिश की गतिविधियों को बढ़ा रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: कैंसरकारक ग्लायफोसेट से हो रही मटर की खेती, CM से रोक लगाने की मांग
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में भी 19 अगस्त को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर से शाम के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। रात के समय भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
यूपी और मध्य प्रदेश में बारिश का जोर
उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त को पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 20 से 22 अगस्त के दौरान भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 19-20 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश में भी आज मानसून एक्टिव रहेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 से 25 अगस्त तक काफी ज्यादा से व्यापक बारिश की संभावना है। 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
अन्य राज्यों में अलर्ट
इसके अलावा मौसम विभाग ने कई अन्य राज्यों में भी अलर्ट जारी किया है। झारखंड में 19 अगस्त को बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बिहार में भी 19-20 अगस्त के दौरान बारिश जारी रह सकती है। वहीं 22 अगस्त को बिहार में मध्यम से तेज बिजली कड़कने की गतिविधि की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में 29 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। राज्य में 19-23 अगस्त के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 19-21 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 19-25 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अगर पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 19-22 अगस्त के दौरान काफी ज्यादा से व्यापक बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 19-25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-बिजली गिरने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें: 10 में 9 रेलवे स्टेशन न्यूनतम सुविधाओं में फेल, 96% पर शौचालय सुविधाएं अधूरी
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु-पुडुचेरी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 19 से 25 अगस्त तक कई इलाकों में व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि केरल और माहे में 19-20 अगस्त तथा 23-25 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश जारी रह सकती है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 19-20 अगस्त के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 19-23 अगस्त तक तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
