दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों के लिए 20 दिनों से धरने पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई है। शनिवार सुबह पुलिस ने जंतर मंतर से सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचा दिया। अब प्रदर्शनकारियों को भी वहां से हटाया जा रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समर्थकों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें जबरन हटाया और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें भी पीटा और हिरासत में लिया है।
अभिजीत दीपके ने कहा है कि जंतर मंतर पर कुछ अज्ञात लोगों ने सोनम वांगचुक पर हमला करने की कोशिश की, जिसमें उन पर कुछ फेंका गया, लेकिन वे सुरक्षित रहे। दीपके ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले की घटनाओं में भी तुरंत कार्रवाई नहीं की।
अभिजीत दीपके, संस्थापक, कॉकरोच जनता पार्टी:-
अगर उन्हें लगता है कि सोनम सर को ले जाने से यह आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो वे गलतफहमी में हैं। हम यहीं रहेंगे और 20 जुलाई को संसद तक मार्च करेंगे। अब तक हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे लेकिन इस शर्मनाक हरकत के बाद, अब हम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'मैं भूत बनकर आऊंगा...', सोनम वांगचुक ने 20 जुलाई के प्रोटेस्ट पर क्या कहा?
21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक 21वें दिन अनशन पर थे। उन्होंने NEET UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
अनशन के दौरान उन्होंने कहा था कि उनका वजन करीब 20 प्रतिशत कम हो गया है, लेकिन वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को चलो संसद मार्च में शामिल होने की अपील भी की थी।
यह भी पढ़ें: '3 इडियट्स का सोनम वांगचुक से कोई लेना-देना नहीं', वायरल हो गया आमिर खान का बयान
अभी तक दिल्ली पुलिस की तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। प्रदर्शनकारी छात्रों और सीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने जबरदस्ती कार्रवाई की। सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा है?
दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कहा, 'हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल एक्सपर्ट्स दोनों की सलाह पर सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाना पड़ा। उनकी सेहत बिगड़ रही है, उन्हें मेडिकल केयर की जरूरत है। अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से वहां से हट जाएं।'
प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा है?
जंतर मंतर पर मौजूद एक प्रदर्शनकारी:-
हमने उनसे इंतजार करने का अनुरोध किया, लेकिन अचानक उन्होंने घोषणा की कि हाई कोर्ट का आदेश है कि सोनम वांगचुक को ले जाना है। इसी बीच, अभिजीत वॉशरूम गए थे। मुझे लगता है कि उन्होंने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है, इसीलिए वह यहां नहीं आ पा रहे हैं। उनका फोन भी नहीं लग रहा है। सभी पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे। उनकी क्या मंशा है, हमें नहीं पता है।
प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा, 'सुबह-सुबह, उन्होंने लगभग 10 पुलिस अधिकारियों को भेजा और दावा किया कि डॉक्टर हैं। हमें पता चल गया कि वे पुलिस वाले हैं क्योंकि वे डॉक्टर जैसे नहीं लग रहे थे। उन्होंने सभी वॉलंटियर्स को एक तरफ हटने के लिए कहा।'
