भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने अभिनेता यश की फिल्म टॉक्सिक को सेंसर बोर्ड से मिली मंजूरी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने फिल्म में महिलाओं के चित्रण और हिंसा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सेंसर बोर्ड को फिल्मों के कंटेंट पर ज्यादा सख्ती से फैसला लेना चाहिए। अन्नामलाई ने कहा कि नियम बड़े अभिनेताओं की फिल्मों पर भी उसी तरह लागू होने चाहिए जैसे दूसरी फिल्मों पर होते हैं।

 

कोयंबटूर में पत्रकारों से बातचीत में अन्नामलाई ने कहा कि फिल्मों में महिलाओं को गलत तरीके से दिखाने और जरूरत से ज्यादा हिंसा वाले दृश्यों का असर बच्चों और युवाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने सवाल किया कि जब युवाओं को फिल्मों में हिंसा और महिलाओं का आपत्तिजनक चित्रण देखने को मिलेगा, तो समाज में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को कैसे मजबूत किया जा सकेगा।

 

यह भी पढ़ें: 'जिनको चवन्नी कहा.. वो एक आने का नहीं छोड़ेंगे', अखिलेश यादव पर भड़के संगीत सोम

बच्चों और युवाओं पर असर की जताई चिंता

अन्नामलाई ने कहा कि फिल्मों में महिलाओं को एक खास और गलत तरीके से पेश करने वाले दृश्यों पर सेंसर बोर्ड को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनके मुताबिक, बच्चों और छात्रों पर फिल्मों में दिखाई जाने वाली चीजों का प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए यह तय करने में सावधानी बरतनी जरूरी है कि किसी फिल्म में किस तरह की सामग्री दिखाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी फिल्म में बड़ा अभिनेता काम कर रहा हो तो उसके लिए नियमों में ढील नहीं दी जानी चाहिए। सेंसर बोर्ड को फिल्म के कंटेंट के आधार पर निष्पक्ष फैसला लेना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: स्टेज पर महिलाएं और टारगेटेड वादे, UP में 'महिला शक्ति' पर सपा का फोकस क्यों?  

रिलीज के बाद चर्चा में टॉक्सिक

अन्नामलाई की टिप्पणी गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी टॉक्सिक की रिलीज के बाद आई है। यश स्टारर इस पैन-इंडिया कन्नड़ एक्शन फिल्म ने निर्माताओं के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन भारत में सभी भाषाओं को मिलाकर 108 करोड़ रुपये नेट कमाए। 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनी बताई जा रही यह फिल्म कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में रिलीज हुई है। निर्माताओं के अनुसार, हिंदी में फिल्म ने पहले दिन 55.4 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जो यश की 'KGF: Chapter 2' की 53.95 करोड़ रुपये की ओपनिंग से ज्यादा है। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में हैं।