उत्तराखंड के हलद्वानी में हुआ 'शुद्धीकरण' भारतीय जनता पार्टी (BJP) के गले की फांस बन गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में दखल देने की मांग की है। उनका आरोप है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रैली संबोधित करने के बाद वहां यह अनुष्ठान इसलिए किया गया क्योंकि वह दलित समाज से आते हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को संबोधित किया था। दो दिन बाद श्री राम सेना के कुछ लोगों ने उसी स्थान पर 'शुद्धिकरण हवन' किया। कांग्रेस का कहना है कि यह काम मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति को लेकर किया गया और यह जातिगत भेदभाव है।
यह भी पढ़ें: पंथक ही नहीं, हिंदू और दलित कार्ड भी खेल रही अमृतपाल की पार्टी, CM पद पर नजर
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
राजस्थान में हमारे CLP नेता मंदिर जाते हैं, तो बीजेपी नेता 'शुद्धिकरण' करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और संविधान के लिए दिया है। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण देने जाते हैं तो वहां भी शुद्धिकरण होता है। ऐसा कौन करता है? बीजेपी और RSS के लोग करते हैं। यह एक अपराध है। भारत के संविधान के तहत यह एक अपराध है, एक आपराधिक गतिविधि है। शुद्धिकरण असल में छुआछूत का ही दूसरा नाम है।
'शुद्धीकरण पर FIR'
दिल्ली के इंदिरा भवन में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह काम एससी-एसटी एक्ट का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण का अनुष्ठान अपराध है, फिर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए उन्होंने उत्तराखंड में इस अनुष्ठान करने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: चंद्रशेखर, ओवैसी और संजय सिंह एक मंच पर, क्या बदलेंगे यूपी के चुनावी समीकरण?
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
देश में दो विचारधाराओं के बीच में लड़ाई चल रही है-एक भारत का संविधान है, अंबेडकर, गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल का संविधान और दूसरी बीजेपी-RSS की विचारधारा, इन दोनों विचारधाराओं के बीच में राजनीति हो रही है। हजारों साल से देश में दलितों पर अत्याचार और हिंसा की गई है। संविधान के बाद यह सब गैर-कानूनी है लेकिन आज भी स्कूल में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ कराया जाता है, झाड़ू-पोछा लगवाया जाता है। यह हिंदुस्तान की सच्चाई है, जितनी बुलंद आवाज होती है और जितना सफल दलित व्यक्ति होता है, उतने ही जोरों से उसपर आक्रमण होता है।
'PM मोदी दें FIR का आदेश'
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद को हर जाति का और पूरे भारत का प्रधानमंत्री बताते हैं, लेकिन उनकी पार्टी के अध्यक्ष इस शुद्धिकरण को जायज बता रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे तुरंत एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दें। उनका कहना था कि मल्लिकार्जुन खड़गे को न्याय दिलाना राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: सिखों में नहीं कोई जाति, फिर जट्ट सिख और दलित सिख कहां से आए?
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
यह SC/ST एक्ट के खिलाफ काम है। हमारी मांग है कि जल्दी ही जिन लोगों ने उत्तराखंड में शुद्धिकरण किया है, उनके खिलाफ FIR दर्ज हो। वह नहीं चाहते कि देश के दलित प्रगति करें।
बीजेपी ने आरोपों पर क्या कहा है?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि यह एक पारंपरिक अनुष्ठान था और इसका मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। खड़गे ने राज्यसभा में भी यह मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि उनके भाषण के बाद शुद्धिकरण की जरूरत क्यों पड़ी।
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
वह हमारे अध्यक्ष हैं तो न्याय मिलेगा। आज नहीं तो कल न्याय मिलेगा। ऐसा होने की संभावना ही नहीं है कि खरगे जी को न्याय नहीं मिला। मैं बता रहा हूं कि FIR होगा, आज नहीं तो कल FIR होगा।
यह भी पढ़ें: दलित वोट बैंक पर 'ऑपरेशन 2027': सामान्य सीटों पर नए दांव से BSP की बढ़ी चिंता
कांग्रेस अब क्या करने वाली है?
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे काम का समर्थन नहीं करती। उन्होंने सदन को आश्वासन दिया कि मामले की जांच होगी। कांग्रेस अब भी कार्रवाई की मांग कर रही है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 अगस्त को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायरड) से मुलाकात की। कांग्रेस का आरोप है कि जेपी नड्डा के आश्वासन के बावजूद अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
