समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के चवन्नी से रुपये बनाने वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। बुधवार को जयंत चौधरी ने कहा कि वे (अखिलेश) अपने बयान से सहयोगियों को सोचने पर मजबूर कर रहे हैं। आगे कहा कि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन है। वह ही सबको बनाती है।
दरअसल, हाल ही में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में कहा था, 'कुछ गठबंधन भी ऐसे किए हम लोगों ने, जानें कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले। बताओ, हम लोगों ने चवन्नी को रुपया बना दिया, फिर भी हमको छोड़कर चले गए।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली में CNG स्टेशन में बड़ा धमाका, 1 की मौत; 5 गंभीर रूप से झुलसे
जनता सबको बनाती है: जयंत
बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'उनके साथ खड़े होने वाले हर सहयोगी, जिन्होंने आज तक उनका सहयोग किया और जो आज भी उनके साथ खड़े हैं। उनको वो इस तरह की बयानबाजी से सोचने को मजबूर कर रहे हैं। बाकी लोकतंत्र है। जनता सबको बनाती है। जनता जनार्दन है।' जब पत्रकारों ने पूछा कि आप अखिलेश यादव को इतना क्यों याद आ रहे हो, इस पर जयंत चौधरी ने कहा, 'यह आप उनसे पूछिए।'
जयंत ने क्यों कही थी चवन्नी वाली बात?
अखिलेश यादव के बयान को जयंत चौधरी से जोड़कर देखा गया, क्योंकि 2022 में जब बीजेपी ने उन्हें अपने खेमे में लाने का प्रयास किया था तब जयंत चौधरी ने कहा था, 'मैं कोई चवन्नी नहीं हूं, जो पलट जाऊंगा।' उनकी पार्टी आरएलडी ने समाजवादी पार्टी के साथ 33 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा। हालांकि जीत महज 8 पर ही मिली।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में गरमाई चार्जशीट की सियासत, 2027 से पहले बढ़ी तकरार
बाद में सपा के समर्थन से जंयत चौधरी राज्यसभा पहुंचे। मगर 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पलटी मार ली और बीजेपी के साथ चुनाव लड़ा। पार्टी को बागपत और बिजनौर सीट मिली। नतीजे आने पर दोनों ही सीटों पर आरएलडी की जीत हुई। नतीजा यह हुआ कि जयंत चौधरी को एनडीए सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया।
