कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु में नहीं है। वह मध्य प्रदेश के नागदा स्थित अपने घर गए हुए हैं। यही कारण है कि सिद्धारमैया को अपना इस्तीफा राज्यपाल दफ्तर में जमा करवाना पड़ा है। मध्य प्रदेश से लौटने के बाद राज्यपाल इस्तीफे को स्वीकार करेंगे।

 

इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने कहा, 'मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में जमा कर दिया है। राज्यपाल यहां नहीं हैं। वे आज रात लौट रहे हैं। इस कारण मैंने इस्तीफा उनके कार्यालय में जमा कर दिया।' उधर, राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर ने बताया कि मुझे सिद्धारमैया का इस्तीफा मिल गया है, लेकिन राज्यपाल के लौटने के बाद ही वह इसे स्वीकार करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: गया में बंद पड़े घर से मिली थी ड्रग्स, पूर्व सांसद के बेटे तक पहुंची जांच की आंच

 

 

सोनिया, राहुल और खरगे का आभार: सिद्धारमैया

इस्तीफा देने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिद्धारमैया ने कहा कि मैंने बार-बार कहा था कि जब भी हाईकमान कहेंगे। मैं अपना इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने बताया कि हाई कमान ने दो दिन पहले मुझे इस्तीफा देने को कहा था। मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मुझे कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का दो बार अवसर मिला, जिसके लिए मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का धन्यवाद करता हूं।  

 

ढाई साल पहले सिद्धारमैया ने मारी थी बाजी

मई 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली। इसके बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच सीएम पद की रेस चली। मगर बाजी सिद्धारमैया ने मारी। तब खबरें थी कि ढाई-ढाई साल रोटेशनल फॉर्मूले में दोनों को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। दो दिन पहले ही कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया से इस्तीफा मांगा। एक दिन पहले उन्होंने अपने मंत्रिमंडल को इस्तीफे की जानकारी दी थी।

राहुल गांधी ने मांगा था इस्तीफा

खबरों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को इस्तीफे के बदले राज्यसभा सीट ऑफर की। हालांकि अभी तक उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया है। खबर यह भी है कि राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से इस्तीफा मांग था। मंगलवार को ही हाईकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली तलब किया था। यहां पार्टी मुख्यालय में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ बैठकों का दौर चला था। 

डीके शिवकुमार के समर्थकों में खुशी

कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में सिद्धारमैया के इस्तीफे के विरोध में उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। उनके सरकारी आवास में भी कुछ समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और इस्तीफा न देने की अपील की। दूसरी तरफ डीके शिवकुमार के आवास के बाहर जश्न का माहौल है। उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक फोटो साझा की। इसमें सिद्धारमैया डिप्टी सीएम शिवकुमार को गले लगा रहे हैं। एक अन्य फोटो में डीके शिवकुमार  सिद्धारमैया के पैर छूते हैं।