उत्तर प्रदेश में इन दिनों सोशल मीडिया पर दो बड़े नेताओं के बीच जंग चली हुई है। यूपी सरकार में पंचायती राम मंत्री ओम प्रकाश राजभर आए दिन अखिलेश यादव पर एक्स पर पोस्ट डाल रहे हैं। कुछ बार अखिलेश यादव भी उनका जवाब दे चुके हैं। अब राजभर ने आज सुबह ट्विट कर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। उन्होंने अखिलेश यादव पर संपत्ति में 900 गुणा की बढ़ोतरी होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही कहा कि अखिलेश यादव के साथ फोटो खिंचवाने और हाथ मिलाने तक के रेट फिक्स हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर लिखा, 'मित्र अखिलेश जी, आपके कुछ कार्यकर्ता अपने किसी काम से हमारे पास आए। जाति से आपके वाले ही हैं। आपसे बहुत प्रभावित भी हैं। कहते हैं बस भैया की सरकार आ जाये तो ‘आ हा हा, मौज आ जाएगी’। बस उन्होंने हमसे आपकी एक शिकायत की। ये शिकायत वह आपके यहां कर नहीं सकते तो बात बात में मुझसे बताने लगे। मैंने सोचा आप मित्र हैं तो आपको बता देनी चाहिए। आपके यादव कार्यकर्ता मुझसे कहने लगे कि भैया (अखिलेश यादव) से मिलने जाने पर उनके घेरे के लोग हमसे वसूली करते हैं। कहते हैं कि भैया से फोटो खिंचवाने का 5000 रुपये, हाथ मिलवाने का 8000 से 10,000 तक और मिलवाने का तो हिसाब किताब ही नहीं है।'
यह भी पढ़ें: जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी ड्रग केस में कैसे फंस गए? पूरी कहानी समझिए
संपत्ति बढ़ने का लगाया आरोप
ओम प्रकाश राजभर ने आगे पोस्ट में लिखा कि अब मुझे समझ नहीं आया कि धरतीपुत्र के पुत्र यानी आपको ऐसी क्या ज़रूरत पड़ गई कि अपने धरती पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से वसूली कर रहे हैं। वह भी आपकी अपनी बिरादरी वालीं से। उन्होंने पूछा कि अगर यादव कार्यकर्ता का ये हाल है तो बाकियों का कितना रेट लग रहा आपके यहां?
अखिलेश यादव की संपत्ति में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए पोस्ट में लिखा, 'सुना है आपकी संपत्ति में 900 गुना बढ़ोतरी हुई। फिर ये एक्स्ट्रा इनकम का जुगाड़ क्यों? कार्यकर्ताओं के खून पसीने की कमाई को क्यों चूस रहे हैं आप? अगर आप खुद ये वसूली करवा रहे तो क्या ही कहें लेकिन अगर आपके घेरे वाले ये कर रहे हैं तो कुछ कीजिए महाराज। हार तो आप वैसे ही रहे हैं, ये सब बंटाधार करा देंगे।'
अखिलेश को दी सलाह
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, 'आप सोच रहे होंगे कि कार्यकर्ता आपके, वसूली आपकी, घेरा आपका तो उसमें हम क्यों बीच में आ गए। दो वजह से हमें आना पड़ा। एक तो आप हमें भले दुश्मन समझें लेकिन हम आपको अपना मित्र मानते हैं। दूसरा आपके प्रशंसक, आपके कार्यकर्ता अपना दर्द मुझसे कहते हुए बोले कि मंत्री जी, आप इसको कह दीजिए तो शायद हमारा भला हो जाये। उन्होंने कहा कि मंत्री जी, आप बोलेंगे तो अखिलेश भइया जरूर सुनेंगे और समझेंगे। कार्यकर्ता बेचारे ग़रीब थे तो सोचा आप तक बात पहुंचा दूं।'
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि आपको मित्र के रूप में आपको समझा रहा हूं। अपनी मीटिंग का सौदा बंद करवाइए मित्र, वरना बहुत महंगा पड़ सकता है। उन्होंने लिखा, 'गेट पर रेट का काउंटर बंद कीजिए। 20 रुपये चंदा मांग कर कार्यकर्ता को मूर्ख मत बनाइए। बाकी ये सिस्टम चालू रखना या बंद कराना आपका काम है। बंद करा देंगे तो अगले साल हमें अच्छा विपक्ष मिलेगा। यही चलता रहा तो हो सकता है अगले साल नेता प्रतिपक्ष बनाने भर की सीट ना आए। जनता तो हराएगी ही, खुद यही प्रताड़ित शोषित कार्यकर्ता ही आपको हरा देंगे।'
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर की किताबों में देश विरोधी बातें? विपक्ष भड़का, हंगामे की वजह समझिए
राजभर के निशाने पर अखिलेश
ओम प्रकाश राजभर पिछले कुछ दिनों से लगातार अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। वह आए दिन सुबह-सुबह अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इसी क्रम में तमाम राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं।
