सिख धर्म के लोग हर साल गुरु नानक देव जी की जयंती पर प्रकाश पर्व मनाते हैं। इस पर्व को गुरुपुरब और गुरु पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इस पर्व को सिख धर्म के सभी लोग बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाते हैं। इसके अलावा, सभी भक्त गुरु नानक देव की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा लेते हैं। गुरु नानक जी ने अपने पूरे जीवन में प्रेम, समानता और सेवा भाव से जीने की सीख दी थी।

 

प्रकाश पर्व पर देश भर के लाखों सिख लोग भजन-कीर्तन करते हैं, गुरु नानक जी का स्मरण करते हैं और लंगर खिलाते हैं। इस साल कई लोगों को पर्व की तारीख को लेकर कन्फ्यूजन है, तो ऐसे में आइए जानते हैं प्रकाश पर्व यानी गुरु नानक जयंती की सही तारीख क्या है?

 

यह भी पढ़ें: भगवान विष्णु, शनि देव आज इन राशियों पर रहेंगे मेहरबान, आज का राशिफल जानिए

कब मनाएं प्रकाश पर्व

सिख धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्रकाश पर्व या गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। पंचांग के अनुसार, इस साल 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से शुरू होगी और 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट पर खत्म होगी। इसलिए इस साल 24 नवंबर को प्रकाश पर्व यानी गुरु जयंती मनाई जाएगी। गुरु नानक देव जी सिख धर्म के पहले गुरु थे। इनका जन्म 1469 में राय भोई की तलवंडी में हुआ था। यह जगह अब पाकिस्तान में ननकाना साहिब के नाम से जानी जाती है।

गुरु नानक जयंती को क्यों कहते हैं प्रकाश पर्व

गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में ज्ञान, सेवा और समानता की सीख से पूरे जग को रोशन किया था। उन्होंने समाज की कुरीतियों, जैसे जाति-पाति और सामाजिक भेदभाव का विरोध करके एकता और समानता की सीख दी। इन शिक्षाओं के जरिए उन्होंने लोगों के जीवन में प्रकाश ला दिया। इसी वजह से गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व के नाम से जाना जाता है।

 

यह भी पढ़ें: देव दीपावली की कथा, काशी में दीपदान की परंपरा और गंगा आरती का इतिहास जानिए

 

प्रकाश पर्व यानी गुरु नानक जयंती पर देश के गुरुद्वारों में कार्यक्रम किए जाते हैं, जहां गुरु ग्रंथ साहिब का 48 घंटों तक पाठ होता है। गुरु नानक जयंती की सुबह भजन गाए जाते हैं। इसके अलावा, कई भक्त शबद गाते हुए पूरे नगर में भ्रमण करते हैं। साथ ही, इस दिन गुरु नानक जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का प्रण लेते हैं।

 

डिस्क्लेमर: ये बातें धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित हैं। हम इसकी पुष्टि नहीं करते है।