तीरंदाजी वर्ल्ड कप के स्टेज-4 में भारत को एक और निराशा हाथ लगी है। धीरज बोम्मादेवरा और कीर्ति शर्मा की भारतीय रिकर्व मिक्स्ड जोड़ी ब्रॉन्ज से चूक गई है। धीरज और कीर्ति की जोड़ी इटली के खिलाफ 3-1 की बढ़त का फायदा नहीं उठा पाई और 3-5 से हार गई, जिससे उनके हाथ से ब्रॉन्ज फिसल गया।
अंताल्या वर्ल्ड कप चैंपियन धीरज के लिए यह वर्ल्ड कप निराशाजनक रहा। उन्होंने पिछले महीने तीसरे स्टेज में कुमकुम मोहद के साथ रिकर्व मिक्स्ड टीम का गोल्ड मेडल जीता था लेकिन मैड्रिड से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ेगा। भारत की रिकर्व वर्ग में उम्मीदें अब पूरी तरह से कीर्ति पर टिकी हैं, जो व्यक्तिगत सेमीफाइनल में प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस मैच में जीत हासिल करने पर 19 साल की कीर्ति वर्ल्ड कप में अपना पहला मेडल जीतने में सफल रहेंगी। कीर्ति ने पिछले महीने अंताल्या में वर्ल्ड कप डेब्यू किया था।
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा से लेकर मीराबाई तक... CWG में गोल्ड जीत सकते हैं ये भारतीय एथलीट्स
पहले दो सेट में धीरज-कीर्ति ने किया कमाल
पहली बार जोड़ी बनाकर खेल रहे धीरज और कीर्ति ने पहला सेट 38-38 से बराबर किया। उन्होंने दूसरे सेट में भी अपनी निरंतरता बनाए रखी और केवल दो पॉइंट्स गंवाकर 38 का स्कोर बनाया, जबकि रोबर्टा डि फ्रांसेस्को और माटेओ बोरसानी की इटली की जोड़ी ने 37 पॉइंट्स बनाए, जिससे भारतीय जोड़ी को 3-1 की बढ़त मिल गई।
इटली की जोड़ी ने तीसरा सेट 39-37 से जीता और मुकाबले को 3-3 से बराबर कर दिया। चौथे और निर्णायक सेट में भी भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, जबकि इटली की टीम ने चार 'परफेक्ट 10' बनाकर 40-37 से जीत हासिल करके ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना पर मेहरबानी? अब स्विट्जरलैंड ने उठाए सवाल
भारत के खाते में 2 मेडल
भारत ने अब तक वर्ल्ड कप के अंतिम स्टेज में दो मेडल हासिल किए हैं। यह दोनों ही मेडल उसने शनिवार को कंपाउंड वर्ग में जीते थे। महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि प्रथिका प्रदीप ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
