FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के खिलाफ हारते ही विपक्षी टीमें पक्षपात का आरोप लगा रही हैं। राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना के हाथों हार के बाद मिस्र ने 'पक्षपातपूर्ण और खराब' रेफरिंग को लेकर बवाल किया था। अब स्विट्जरलैंड ने भी आरोप लगाया है कि लियोनेल मेसी की टीम पर मेहरबानी की जा रही है। स्विस टीम एक्स्ट्रा टाइम तक खींचे क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना से 1-3 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
स्विजटरलैंड के फॉरवर्ड ब्रील एम्बोलो को मैच के दूसरे हाफ में वीडियो रिव्यू के बाद रेडकार्ड दिखाया गया था, जिस पर टीम के कोच मुरात याकिन ने कहा है कि रेफरी ने गलत फैसला सुनाया। स्विस कप्तान ग्रैनिट जाका ने भी एम्बोलो को रेडकार्ड दिखाए जाने के फैसले को गलत बताया है। एम्बोलो को रेडकार्ड दिखाए जाने से पहले स्विट्जरलैंड की टीम 1-1 की बराबरी पर थी। इसके बाद उसे 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा, जिसका अर्जेंटीना ने पूरा फायदा उठाया और एक्स्ट्रा टाइम में दो गोल दाग सेमीफाइनल में जगह बना ली।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कभी नहीं हारा अर्जेंटीना, इस बार बदलेगी कहानी?
स्विस टीम ने क्यों उठाए सवाल?
स्विट्जरलैंड के लिए डैन एनडोये ने 67वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। इसके बाद अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो पेरेडेस को एम्बोलो से टकराने के कारण येलो कार्ड दिखाया गया। हालांकि वीडियो रिव्यू में दिखा कि पेरेडेस से टकराने से पहले ही एम्बोलो गिर रहे थे। ऐसे में फैसले को बदल दिया गया। येलो कार्ड पेरेडेस को नहीं एम्बोलो को मिला। एम्बोलो को मैच में पहले येलो कार्ड मिल चुका था, जिसकी वजह से उन्हें रेडकार्ड दिया गया। इस वर्ल्ड कप में दूसरी बार येलो कार्ड का फैसला बदला गया। नियमों के अनुसार, अगर गलत खिलाड़ी को येलो या रेड कार्ड दिखाया जाता है तो वीडियो असिस्टेंट रेफरी दखल दे सकता है।
स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने कहा, 'हमें एक नियम का खामियाजा भुगतना पड़ा जो मेरी राय में पूरी तरह से अस्वीकार्य है। इस तरह से बाहर होना दुखद है। मुझे नहीं लगता कि हमारे साथ ऐसा होना चाहिये था। मेरी टीम ने पूरी लगन और जुनून के साथ खेला और मुझे उस पर गर्व है।' उन्होंने पुर्तगाल के रेफरी जोओ पिन्हेइरो की आलोचना करते हुए कहा, 'रेफरी ने गलत फैसला लिया। यह सजा लायक गलती नहीं थी। मुझे पता है कि वे अपने रेफरी का बचाव करेंगे लेकिन इस नियम ने आज हमारा खेल बर्बाद कर दिया। यह काफी दुखद है कि हम इस तरह से बाहर हुए।'
यह भी पढ़ें: भारीतय ग्रैंडमास्टर पी इनियन ने जीता ला प्लाग्ने ओपन इंटरनेशनल चेस टूर्नामेंट
अर्जेंटीना ने कहा - किस्मत ने साथ दिया
अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने स्वीकार किया कि किस्मत ने उनका साथ दिया, क्योंकि स्विट्जरलैंड का एक खिलाड़ी बाहर था। वहीं स्विट्जरलैंड के कप्तान जाका ने कहा कि रेफरी के एक फैसले ने मैच का रुख तय किया। उन्होंने कहा, 'रेडकार्ड ने मैच का परिणाम बदल दिया। इस फैसले को स्वीकार कर पाना मुश्किल है।'