FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना का शानदार सफर जारी है। लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अर्जेंटीना ने क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया। निर्धारित समय तक यह मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने दो गोल दाग सेमीफाइनल में एंट्री ली। अब उसका सामना इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची है।
सेमीफाइनल में कभी नहीं हारा अर्जेंटीना
अर्जेंटीना और इंग्लैंड का सेमीफाइनल मुकाबला 16 जुलाई को अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में अर्जेंटीना को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। 3 बार की चैंपियन अर्जेंटीना की टीम वर्ल्ड कप इतिहास में एक भी सेमीफाइनल मुकाबला नहीं हारी है। उसने अब तक 5 सेमीफाइनल खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। बता दें कि जब 1978 में अर्जेंटीना पहली बार चैंपियन बना था, उस समय सेमीफाइनल नहीं हुआ था।
इंग्लैंड की बात करें तो उसने 3 सेमीफाइनल खेले हैं और सिर्फ 1 ही जीत हासिल की है। इंग्लैंड ने यह जीत 1966 में हासिल की थी। उस साल वह खिताब जीतने में भी सफल रही थी। 1990 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में उसे वेस्ट जर्मनी के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड को सेमीफाइनल में दूसरी हार 2018 में मिली थी। उसे क्रोएशिया ने 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।
यह भी पढ़ें: अर्जेंटीना सेमीफाइनल में... स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, मेसी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: श्रेयस ने पिछले 13 टी20 में सिर्फ 1 मैच जीते, आज हारे तो बनेगा शर्मनाक रिकॉर्ड
अर्जेंटना का बरकरार रहेगा अजेय रिकॉर्ड?
इंग्लैंड ने इस वर्ल्ड कप में 3-3 मुश्किल मैच जीते हैं। उसने ग्रुप स्टेज में क्रोएशिया को 4-2 से हराया। इसके बाद राउंड ऑफ 16 में उसने मैक्सिको को मात दी। क्वार्टर-फाइनल में उसके सामने एर्लिंग हालैंड की नॉर्वे की चुनौती थी। हैरी केन की कप्तानी वाली टीम ने जूड बेलिंगहैम के दो गोल की मदद से नॉर्वे को शिकस्त दी।
दूसरी तरफ अब तक अर्जेंटीना का सामना कमजोर टीमों से हुआ है। इसके बावजूद वह नॉकआउट में मुश्किल से जीत रही है। केप वर्डे जैसे छोटे से देश के खिलाफ उसका राउंड ऑफ 32 मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम तक खींच गया था। वहीं प्री क्वार्टर-फाइनल में मिस्र के खिलाफ 79वें मिनट तक टीम 2-0 से पिछड़ रही थी। स्विट्जरलैंड के सामने भी अर्जेंटीना को मुश्किल जीत मिली है। अब देखना है कि मेसी की टीम सेमीफाइनल में अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रख पाती है या नहीं।