भारत के स्टार पैरा जैवलिन थ्रोअर एथलीट सुमित अंतिल ने शुक्रवार को एशियन पैरा गेम्स में में F 42-44/61-64 संयुक्त स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर अपने खिताब का बचाव किया। वहीं इस स्पर्धा में भारत ने तीनों मेडल अपने नाम किए। दो बार के पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर 28 वर्षीय सुमित ने अपने दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया।
सुमित ने 2023 के एशियन पैरा गेम्स में 73.29 मीटर के तत्कालीन वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद उन्होंने इस साल मई में 74.82 मीटर का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। शुक्रवार को वह अपना रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके लेकिन F64 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए अन्य खिलाड़ियों से आगे रहे। F42 वर्ग में हिस्सा लेने वाले महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि F44 वर्ग के संदीप संजय सरगर ने 64.48 मीटर भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
यह भी पढ़ें: एस मेघना ने 30 की उम्र में लिया संन्यास, टीम इंडिया में 4 साल से नहीं मिला मौका
कम दूरी के बावजूद महेंद्र को मिला सिल्वर
महेंद्र को कम दूरी के बावजूद सिल्वर मेडल मिला। संयुक्त स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की रैंकिंग तय करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले RAZA अंक में महेंद्र को बढ़त मिली, जिसके आधार पर उन्हें संदीप से ऊपर स्थान दिया गया। जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो जैसी मैदान में होने वाली स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और मुकाबले को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए F42, F44, F62 और F64 जैसे वर्गों को अक्सर एक संयुक्त स्पर्धा में शामिल किया जाता है।
यह भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स: भारत ने बैडमिंटन में जीते 16 मेडल, इन प्लेयर्स ने दिलाए गोल्ड
F42 और F44 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जो भाला फेंकने या दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर का इस्तेमाल नहीं करते। F62 और F64 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो कृत्रिम पैर या पैरों की मदद से खड़े होकर खेलते हैं।
