एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने भारत की एक खिलाड़ी पर एक्शन लिया है। एआईयू ने बताया कि भारतीय धाविका पूजा आत्माराम पिछले साल प्रतियोगिता के दौरान होने वाले डोपिंग टेस्ट से पहले घबराकर भाग गई थीं। अब पूजा ने अपनी गलती मानी और अपराध को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अब उन पर चार के बजाय तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया है।
पिछले साल 23 नवंबर को मुंबई में इंडियन ऑयल डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन जीतने के बाद पूजा को डोप टेस्ट के लिए चुना गया था। हालांकि, पूजा ने डोपिंग टेस्ट का सामना करने के बजाय वहां से भाग गई थीं। उन्हें डोपिंग टेस्ट की जानकारी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पेपर पर सिग्नेचर नहीं किए।
यह भी पढ़ें: SA, WI की हार, जिम्बाब्वे की एक जीत, समझिए सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकता है भारत
एआईयू ने क्या कहा?
एआईयू ने अपने फैसले पर कहा, 'दौड़ खत्म होने के तुरंत बाद एक एक डोपिंग कंट्रोल ऑफिसर (डीसीओ) और एक लीड डीसीओ ने इस एथलीट को मौखिक रूप से डोपिंग टेस्ट के लिए चुने जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद इस एथलीट ने डोपिंग कंट्रोल फॉर्म (डीसीएफ) पर सिग्नेचर नहीं किए।' एआईयू ने आगे कहा कि सुपरवाइजर ने एथलीट का पता लगाने की कोशिश की और तुरंत सूचित किया कि परीक्षण के लिए चुने जाने की मौखिक सूचना डीसीओ को दिए जाने के बाद एथलीट भाग गई। उन्होंने इस संबंध में दौड़ के निदेशक को भी जानकारी दी।
कॉल का जवाब भी नहीं दिया
एआईयू ने बताया कि एथलीट पूजा डोपिंग टेस्ट की जानकारी मिलने के बाद भाग गई थीं। एआईयू ने अपने ऑर्डर में लिखा, 'निदेशक ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया।' जानकारी के अनुसार, पूजा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई इसी साल 3 फरवरी को शुरू की गई थी।
यह भी पढ़ें: अगले दोनों मैच जीतकर भी बाहर हो सकता है भारत? समझिए कहां फंस रहा है पेच
पूजा ने मांगी माफी
जब पूजा को इस कार्रवाई की सूचना मिली तो उन्होंने एक हफ्ते के भीतर ही अपना अपराध स्वीकार कर लिया और माफी मांग ली। नियमों के अनुसार, पूजा पर चार साल का बैन लग सकता था लेकिन माफी मांगने के कारण अब एआईयू ने पूजा पर सिर्फ तीन साल का बैन लगाया है। एआईयू ने चार में से तीन साल की छूट दी है।
बता दें कि पूजा 5,000 मीटर और 6,000 मीटर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेती हैं। उनकी उम्र 30 साल है और पिछले कई सालों से वह दौड़ में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने 2024 में राजस्थान की तरफ से इंडियन ग्रां प्री-2 में तीसरा स्थान हासिल किया था, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
