भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस दौरे पर भारत को पांच मैचों की वनडे सीरीज और टेस्ट सीरीज खेलनी है। 16 अक्टूबर 2026 को घोषित टीम में वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए अलग-अलग स्क्वॉड चुने गए हैं। वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि आखिरी दो मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे। बताया जा रहा है कि वर्क लोड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। 

 

भारत इस दौरे पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा। इन दोनों फॉर्मेट के लिए टीम की घोषणा की गई है।  टेस्ट सीरीज के दोनों मैचों में शुभमन गिल ही कप्तान होंगे और केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। वनडे में तीन मैच में शुभमन गिल और दो मैच में श्रेयस अय्यर को कमान सौंपी गई है। 

 

यह भी पढ़ें: 5वें T20 मैच में खेल सकते हैं भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह को क्या हुआ?

 

रोहित और विराट बरकरार

बीसीसीआई ने पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए दो अलग-अलग टीमों का ऐलान किया है। पहले तीन वनडे के लिए शुभमन गिल कप्तान और श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे। वहीं, चौथे और पांचवें वनडे में श्रेयस अय्यर कप्तानी करेंगे और विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

 

वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है। इनके अलावा केएल राहुल, ऋतुराज गायकवाड़, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को भी जगह मिली है। पहले तीन वनडे के लिए नमन धीर, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ को चुना गया है। वहीं, आखिरी दो मुकाबलों के लिए तिलक वर्मा , आकिब नबी, कुमार कुशाग्र और यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।

जसप्रीत बुमराह की वापसी

टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। उनके अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई है। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा , वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी भी टेस्ट टीम का हिस्सा हैं।

 


बल्लेबाजी की बात करें तो बल्लेबाजी में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल , केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन को मौका मिला है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के पास होगी। हालांकि, ऋषभ पंत को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है और उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करता है।

 

यह भी पढ़ें: 'जिम्मेदारी उठानी चाहिए थी', भारतीय बल्लेबाजों पर क्यों भड़के सुनील गावस्कर?  

 

मोहम्मद शमी को नहीं मिला मौका

इस टीम की घोषणा ने दो खिलाड़ियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और उनके फैंस के लिए यह फैसला हैरानी भरा रहा। न्यूजीलैंड दौरे के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को जगह नहीं मिली है। दोनों खिलाड़ियों को वनडे और टेस्ट, किसी भी फॉर्मेट के लिए नहीं चुना गया है। 

कब से शुरू होगी सीरीज?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर 2026 को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंगटन और तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। सीरीज के आखिरी दो मैच 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे। इसके बाद टेस्ट सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में और दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।