भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के गेंदबाजी वाले कंधे में चोट लगने के बाद भारतीय टीम में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया गया है। आखिरी और निर्णायक मुकाबले से पहले इस बदलाव को काफी अहम माना जा रहा है।
इस टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार को हैदराबाद में खेला गया। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने 24 रन से जीत दर्ज कर सीरीज 2-2 से बराबर कर दी है। शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाला पांचवां मुकाबला सीरीज का विजेता तय करेगा। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम हो गया है।
यह भी पढ़ें: 'जिम्मेदारी उठानी चाहिए थी', भारतीय बल्लेबाजों पर क्यों भड़के सुनील गावस्कर?
अर्शदीप को लगी चोट
अर्शदीप सिंह को बुधवार को हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुताबिक, उनके गेंदबाजी वाले कंधे पर चोट लगी है। अब निर्णायक मुकाबले में उनकी उपलब्धता का फैसला मैच से पहले उनकी फिटनेस और रिकवरी को देखते हुए लिया जाएगा। अर्शदीप इस सीरीज के चारों मुकाबलों में खेल चुके हैं और अपनी गेंदबाजी से टीम के लिए अहम योगदान दिया है। उनकी गैरमौजूदगी भारतीय तेज गेंदबाजी को प्रभावित कर सकती है।
भुवनेश्वर की वापसी
भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी को भारतीय गेंदबाजी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उन्होंने हाल ही में चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी की है। उन्हें 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I सीरीज के लिए चुना गया था। इससे पहले भुवनेश्वर आखिरी बार नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे।
यह भी पढ़ें: इंडियन सुपर लीग की सबसे सफल टीम कौन है, सेलिब्रिटीज की टीमों का क्या हाल है?
अर्शदीप बैठेंगे बाहर?
36 साल के भुवनेश्वर कुमार को नई गेंद से स्विंग कराने और शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को परेशान करने के लिए जाने जाते हैं। उनका अनुभव डेथ ओवरों में भी टीम के काम आ सकता है। भुवनेश्वर को न्यूजीलैंड दौरे में टीम में दिखाई देने वाले थे। अब अर्शदीप की चोट के बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के अंतिम मुकाबले के लिए भी टीम में शामिल कर लिया गया है।
अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो 2022 के बाद यह उनका पहला मुकाबला होगा। हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में रखा जाएगा या नहीं। यह फैसला अर्शदीप की फिटनेस को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।