BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक, नहीं रहा था। डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन जैसे स्टार्स क्वार्टर-फाइनल तक भी नहीं पहुंच सके। आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 चीन के शी यू की को हराकर भारत के अभियान का जोरदार आगाज किया था लेकिन चैंपियनशिप खत्म होते-होते देश के खाते में एक ही मेडल रहा। त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने विमेंस डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंचकर ब्रॉन्ज दिलाया।

 

वर्ल्ड चैंपियनशिप की निराशा को भुलाकर अब भारतीय शटलर्स चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उतरेंगे। 1 लाख 25 हजार अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार (1 सितंबर) से हो रही है। लक्ष्य सेन भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। उन्हें पहले राउंड में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। लक्ष्य अपने शुरुआती मैच में फ्रांस के वर्ल्ड चैंपियन एलेक्स लैनियर का सामना करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी शतक से चूके लेकिन दलीप ट्रॉफी में तोड़ दिया 57 साल पुराना रिकॉर्ड

सात्विक-चिराग के सामने ये है चुनौती

जून में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले किदाम्बी श्रीकांत पहले मैच में ताइवान के ची यु-जेन से भिड़ेंगे। इस सीजन श्रीकांत का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। कनाडा ओपन में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद कोरिया मास्टर्स में भी वह पहले ही राउंड में बाहर हो गए थे। 

 

मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद होगी। सात्विक और चिराग ने इस साल की शुरुआत में सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल का इंटरनेशनल खिताब का इंतजार खत्म किया। वे चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे।

 

यह भी पढ़ें: नोवाक जोकोविच US ओपन के पहले राउंड से बाहर, रोते हुए छोड़ा कोर्ट

विमेंस सिंगल्स में युवा खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

विमेंस सिंगल्स में भारत की निगाहें तीन युवा खिलाड़ियों उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा और देविका सिहाग पर रहेंगी। रोहतक की 18 साल की उन्नति का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से होगा। तन्वी का मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा और देविका का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। अन्य मुकाबलों में हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन की मेंस जोड़ी का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा, जो 2021 के वर्ल्ड चैंपियन हैं। 

 

मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो का मुकाबला थाई जोड़ी टोनकिड और टोनरुग साएहेंग से, जबकि रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे का सामना ताइवान के वू गुआन शुन और ली चिया ह्सिन से होगा।