भारतीय कबड्डी में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अहमदाबाद में 23 अक्टूबर से पहले कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट 9 दिन तक चलेगा और इसमें 13 देशों के 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) को इस आयोजन के लिए इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन (IKF) की मंजूरी मिल चुकी है, जिसमें 23 टीमें उतरेंगी और कुल 62 मुकाबले खेले जाएंगे।

 

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 39 और महिला वर्ग के 23 मैच खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट के माध्यम से पुरुष और महिला दोनों वर्गों में पहली बार कॉमनवेल्थ चैंपियन का खिताब प्रदान किया जाएगा। बुधवार (21 अक्टूबर) को आयोजित एक कर्टेन-रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस चैंपियनशिप का औपचारिक अनावरण हुआ, जिसमें आधिकारिक जर्सी, टीमों के कप्तान, एंथम, लोगो और मैस्कॉट को प्रस्तुत किया गया।

 

यह भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स: भारत के दिलीप गावित ने 100 मीटर रेस में जीता गोल्ड

कबड्डी के इंटरनेशनल विकास को मिलेगी गति

इस पहली चैंपियनशिप से कबड्डी के इंटरनेशनल विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है और यह खेल को भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किए जाने के पक्ष को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साल 2030 में अहमदाबाद में ही कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होना है। ऐसे में यह टूर्नामेंट शहर की इंटरनेशनल खेल आयोजनों की मेजबानी क्षमता को प्रदर्शित करने का भी एक बड़ा अवसर होगा। 
 
AKFI के जनरल सेक्रेटरी जितेंद्र प्रण सिंह ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'अहमदाबाद में पहली कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की मेजबानी करना भारतीय कबड्डी के लिए गर्व का पल है। हम भाग लेने वाली सभी टीमों के स्वागत के लिए उत्साहित हैं और इंटरनेशनल मंच पर इस खेल की भावना, खिलाड़ियों के कौशल और इसकी प्रतिस्पर्धात्मक इंटेंसिटी को प्रदर्शित करने के लिए तत्पर हैं।'

 

यह भी पढ़ें: ICC महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी, वेस्टइंडीज से भारत का पहला मैच

कौन-कौन से देश हिस्सा लेंगे?

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशों में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया, कनाडा, सिंगापुर, मलेशिया, युगांडा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। पुरुष और महिला दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जिसके बाद 31 अक्टूबर को फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।

भारत की टीमों के कप्तान घोषित

भारत की पुरुष टीम की कप्तानी सुरजीत सिंह करेंगे, जबकि नवीन कुमार उप-कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं, निधि शर्मा महिला टीम का नेतृत्व करेंगी और रितु महिला टीम की उप-कप्तान होंगी।

मोबाइल पर कहां दिखेगी यह चैंपियनशिप?  

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप्प पर होगी। जियोहॉटस्टार की वेबसाइट पर भी लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।