दलीप ट्रॉफी 2026 का पहला सेमीफाइनल ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। सेंट्रल जोन ने 159 रन का टारगेट रखा था, जिसे ईस्ट जोन ने मुकाबले के तीसरे दिन (1 सितंबर) 39.3 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। विनिंग बाउंड्री मोहम्मद शमी के बल्ले से आई। वह 5 गेंद में 8 रन बनाकर नाबाद लौटे। ईशान ने 41 गेंद में नाबाद 39 रन की पारी खेली।

 

इससे पहले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 43 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन जड़े थे। छोटे रन चेज में उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन (24) के साथ मिलकर 61 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इन दोनों के आउट होने के बाद कुमार कुशाग्र और विराट सिंह ने ईस्ट जोन को 100 के करीब पहुंचाया। विराट सिंह 12 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार बने। लेफ्ट आर्म स्पिनर हर्ष दुबे ने 33वें ओवर में कुशाग्र (22) और अनुकूल रॉय (0) को लगातार गेंदों पर आउट कर रोमांच बढ़ा दिया था लेकिन ईशान ने एक छोर पर खड़े रहकर पिछले साल की चैंपियन सेंट्रल जोन को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

 

यह भी पढ़ें: 1 वर्ल्ड कप, 125 इंटरनेशनल गोल... अर्जेंटीना के लिए कमाल के हैं मेसी के आंकड़े

वैभव ने पहली पारी में ठोके थे 92 रन

ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रन पर समेट दी थी। मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी और मो. कौनेन कुरैशी के खाते में 2-2 विकेट रहे। ईस्ट जोन की पहली पारी मुकाबले के दूसरे दिन शुरू हुई। वैभव ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंद में 92 रन ठोक दिए। दूसरे छोर से ईश्वरन ने भी उनका बखूबी साथ दिया। 

 

ईस्ट जोन की टीम बगैर किसी नुकसान के 161 रन बना चुकी थी और वह बड़ी बढ़त हासिल करती दिख रही थी लेकिन वैभव और ईश्वरन (69) के आउट होते ही उसकी पारी बिखर गई। 161 पर 0 से पूरी टीम 266 पर ढेर हो गई। पहली पारी में दोनों टीमों का स्कोर समान रहा। कोई भी टीम बढ़त नहीं बना पाई। गेंद के साथ बेहतरीन वापसी करने वाली सेंट्रल जोन के पास अब मोमेंटम आ गया था लेकिम मुकेश कुमार और शमी ने उसकी शुरुआत खराब दी। दूसरे दिन स्टंप्स तक उन्होंने सेंट्रल जोन को 3 झटके दे दिए।

 

यह भी पढ़ें: US ओपन में कार्लोस अल्काराज की धमाकेदार वापसी, आर्यना सबालेंका भी जीतीं

मुकेश कुमार बने प्लेयर ऑफ द मैच

सेंट्रल जोन की टीम तीसरे दिन अपनी पारी 45/3 के स्कोर से आगे बढ़ाने उतरी लेकिन मुकेश और शमी की धारदार गेंदबाजी के सामने वह 158 रन तक ही पहुंच सकी। मुकेश कुमार ने 4, जबकि शमी ने 3 विकेट लेकर सेंट्रल जोन को सस्ते में ढेर कर दिया, जिससे ईस्ट जोन को छोटा टारगेट मिला और ईशान की टीम ने इसे हासिल कर फाइनल का टिकट कटा लिया। मुकेश ने मैच में 7 विकेट अपनी झोली में डाले। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। फाइनल मुकाबला 6 सितंबर से चेन्नई में खेला जाएगा।